एसआईआर के महत्व की लोगों को जानकारी देते विधायक- स्वयं
पूरनपुर। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) का कार्य भले ही 93.28 प्रतिशत हो गया, लेकिन नगर में अब तक सिर्फ 69.2 फीसद काम ही हो सका है। मतदाताओं की टालमटोल से बीएलओ परेशान हैं। एसआईआर का कार्य जल्द पूरा कराने के लिए अब बूथों पर बीएलओ, प्रमुख राजनीतिक दलों के साथ बैठक कराई जाएगी। शत-प्रतिशत कार्य पूरा करने पर तीन बीएलओ पहले ही सम्मानित किए जा चुके हंै।
तहसीलदार आशीष कुमार गुप्ता ने बताया कि सुपरवाइजर विजय शर्मा और ताहिर खां के क्षेत्र के सभी 10-10 बूथों का कार्य शत- प्रतिशत होने पर शुक्रवार उन्हें सम्मानित किया गया। जल्द ही बीएलओ, बीएलए की बैठक कराकर मृतक व स्थानांतरित मतदाताओं की जानकारी की जाएगी। फार्म भरने से इन्कार करने वाले मतदाताओं की भी जानकारी कराई जा रही है। उधर, विधायक बाबूराम पासवान ने कई गांवों में समर्थकों के साथ घूमकर लोगों को एसआईआर के महत्व की जानकारी दी।