मिस्टर पीलीभीत नाम से सोशल मीडिया पेज चलाने वाले युवक ने सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी कर दी, जिससे बाल्मीकि समाज में आक्रोश फैल गया। समाज के लोगों ने आरोपी पर कार्रवाई की मांग को लेकर रविवार को जोरदार प्रदर्शन किया।
पीलीभीत जिले में जाति विशेष पर की गई आपत्तिजनक टिप्पणी को लेकर रविवार को सुनगढ़ी थाना क्षेत्र के मोहल्ला नखाशा में लोगों में भारी नाराजगी देखने को मिली। करीब 100 लोग एकत्र होकर चौराहे पर पहुंचे और प्रदर्शन करते हुए आरोपियों पर कार्रवाई की मांग की।
विज्ञापन
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि मिस्टर पीलीभीत नाम से सोशल मीडिया पेज चलाने वाले युवक ने अपने वीडियो में आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिससे उनके समाज के लोगों की भावनाएं आहत हुई हैं। करीब 15 मिनट तक लोगों ने विरोध जताया और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
दरोगा से हुई नोकझोंक
सूचना पर थाना प्रभारी निरीक्षक नरेश त्यागी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को कार्रवाई का आश्वासन दिया। इस दौरान किसी बात को लेकर प्रदर्शनकारियों की एक दरोगा से तीखी नोकझोंक भी हो गई, हालांकि स्थिति बिगड़ने से पहले ही अन्य पुलिसकर्मियों ने मामले को संभाल लिया।
विज्ञापन
बाद में सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी भी मौके पर पहुंचे और समझाकर लोगों को शांत कराया। थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर के आधार पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी दूसरे समुदाय का है।