पीलीभीत। वाहनों पर बकाया कर जमा कराने के लिए परिवहन विभाग की ओर से संचालित एकमुश्त समाधान योजना में वाहन स्वामियों ने ज्यादा दिलचस्पी नहीं दिखाई। जिले में बकायेदारी वाले 924 वाहनों में से महज 394 वाहन स्वामियों ने ही योजना में पंजीकरण कराकर कर जमा किया है। 530 वाहनों पर अब भी दो करोड़ से अधिक बकाया है।
जिले के 924 वाहन स्वामियों पर कर बकाया था। विभाग की ओर से समय-समय पर इन वाहन स्वामियों को नोटिस जारी किए जाते थे। बकायेदारों से रुपये जमा कराने को विभाग की ओर से नवंबर के पहले सप्ताह में तीन माह के लिए एकमुश्त समाधान योजना शुरू की गई। यह योजना छह फरवरी तक चलनी है। निर्धारित समयावधि में कुछ घंटे का समय ही शेष बचा है। चार फरवरी तक महज 394 वाहन स्वामियों ने सिर्फ 52.42 लाख रुपये का टैक्स जमा किया है। 530 वाहन स्वामियों पर अब भी विभाग का ढाई करोड़ रुपये से ज्यादा का टैक्स बकाया है। इससे पता चलता है कि बकायेदार वाहन स्वामियों ने एकमुश्त समाधान योजना में खास दिलचस्पी नहीं दिखाई है। कर जमा कराने को विभाग अन्य रूपरेखा तैयार कर रहा है।
वाहन स्वामियों से कराई जाएगी वसूली
टैक्स बकाया वाहन स्वामियों ने योजना का लाभ नहीं लिया। ऐसे में बकायेदार वाहन स्वामियों की विभाग की ओर से सूची तैयार की जाएगी। इसके बाद इनसे विभागीय कार्रवाई अमल में लाकर इनसे टैक्स की वसूली की जाएगी।
बकाया टैक्स जमा कराने के लिए विभाग की ओर से योजना चलाई गई। इसमें वाहन स्वामियों ने टैक्स भी जमा किया है। जल्द ही शेष बकायेदारों की सूची बनाई जा रही है। जिससे टैक्स जल्द से जल्द जमा कराया जा सके। - वीरेंद्र सिंह, एआरटीओ।