पूरनपुर। ससुराल से पत्नी के साथ बाइक से घर लौट रहे मजदूर की डीसीएम की टक्कर लगने से मौत हो गई। जबकि उसकी पत्नी बाल-बाल बच गई। पुलिस ने डीसीएम को पकड़ लिया। मगर डीसीएम चालक पुलिस के हाथ नहीं लग सका। पुलिस ने मजदूर के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एक अन्य हादसे में वाहन की टक्कर से दो बाइक सवार घायल हो गए। सीएचसी से दोनों को जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
घटना असम हाईवे पर सेहरामऊ उत्तरी थाना की गढ़वाखेड़ा पुलिस चौकी क्षेत्र में एक बारात घर के पास हुई। सेहरामऊ उत्तरी थाना क्षेत्र के गंाव महादेव माती निवासी भीमसेन (52) अपनी पत्नी सुषमा देवी (49) को ससुराल गांव मकरंदापुर से लेकर बाइक से घर लौट रहे थे। सुषमा देवी ने बताया कि घटना स्थल के पास आगे से आई डीसीएम ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने भीमसेन को सीएचसी पहुंचाया। यहां भीमसेन का इलाज शुरू कर गंभीर हालत में उसे जिला अस्पताल रेफर करने की तैयारी चिकित्सक कर रहे थे। इस दौरान उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद गढ़वाखेड़ा पुलिस ने डीसीएम को कब्जे में ले लिया।
सेहरामऊ एसओ योगेश कुमार ने बताया कि भीमसेन के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेजा है। घटना की तहरीर नहीं मिली है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी। भीमसेन के परिवार में पत्नी के अलावा पुत्र रामनिवासी (30) और सुधीर (17) है। सुषमा ने बताया कि होली के दूसरे दिन मायके में गमी की होली पर उसके पति मायके छोड़ गए थे। मंगलवार को मायके से पति के साथ ससुराल जा रही थी।
उधर, मैंगलगंज हाईवे पर बलरामपुर पुलिस चौकी क्षेत्र में वाहन की टक्कर से बाइक सवार पूरनपुर देहात के मोहल्ला नूरीनगर निवासी रियाज (22) और खानका निवासी समीर (27) घायल हो गए। दोनों युवक बाइक पर सवार होकर बंडा की ओर जा रहे थे। घायलों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
भीमसेन को मौत खींचकर ले गई घटना स्थल तक
पूरनपुर। सुषमा ने बताया कि मायके से सुसराल जाने की योजना उसने किराए के वाहन से जाने की बनाई थी। इसके तहत उसने पति को मायके से ले जाने को फोन तक नहीं किया था। जब पति बाइक से उसको ससुराल लेकर जा रहे थे। तब रास्ते में गांव गहलुइया होकर निकलने को कहा। मगर पति ने सीधे असम हाईवे से चलने को ही कहा। अगर पति की बात मान लेते तब शायद पति से उसे पूरी जिंदगी के लिए बिछड़ना न पड़ता।
बाइक सवारों के घायल होने पर कार चालक पर रिपोर्ट
पूरनपुर। घुंघचाई से सामान खरीद कर 18 मार्च को घर जा रहे गांव ददौल कॉलोनी निवासी राजेश और धर्मेंद्र मैगलगंज हाईवे पर गांव उदरहा मोड़ के समीप बंडा की ओर से आई कार की टक्कर से घायल हो गए थे। पुलिस ने राजेश की ओर से कार चालक पर रिपोर्ट दर्ज की है।