पूरनपुर में चोरों ने फैलाया सराफ की दुकान का सामान। संवाद
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। बंद घर की छत की ओर से घुसे चोरों ने सराफ की दुकान से चांदी के पांच किलोग्राम और चालीस ग्राम के सोने के आभूषण और 10 हजार की नकदी चुरा ले गए। सूचना पर पुलिस ने घटना स्थल का निरीक्षण किया। चोरी की तहरीर पुलिस को दी गई है।
मोहल्ला साहूकारा निवासी सुनील वर्मा के घर के बाहरी हिस्से में सराफ की दुकान है। सुनील वर्मा की पत्नी रीता वर्मा ने बताया कि उसके पिता मोहल्ला चौक निवासी सीताराम वर्मा की पिछले कुछ दिनों से तबियत खराब चल रही है। सोमवार को पति के साथ मायके गई थी। मायके वालों ने रात को दोनों लोगों को अपने घर रोक लिया। मंगलवार को सुबह करीब साढ़े 10 बजे घर पहुंचने पर दुकान में चोरी की जानकारी हुई। उन्होंने बताया कि चोरों ने छत से जीने के रास्ते से उतर कर दुकान में चोरी की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया कि घर और दुकान की दीवार में दरवाजा नहीं है। घर में रखी दुकान की सेफ की चाबी चोरों के हाथ लग गई। चोरों ने सेफ और दराज खोलकर 10 हजार रुपये, पांच किलोग्राम वजन के चांदी और चालीस ग्राम सोने के जेवरात चोरी कर लिए। घटना की सूचना पर पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच की। पुलिस तहरीर लिखाकर ले गई है।
कोतवाल अशोक पाल ने बताया कि चोरी की तहरीर मिली है। जांच शुरू कराई गई है। आसपास के सीसीटीवी कैमरों की रिकार्डिंग में किसी की आवाजाही अब तक नहीं मिली है।