धर्मकांटा का निरीक्षण करते डिप्टी आरएमओ ।
घटतौली की शिकायत पर की गई कार्रवाई
संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। जिले में संचालित धर्मकांटों पर घटतौली की शिकायतों के बाद डीएम ने जांच शुरू करा दी है। मंगलवार को टीम ने एक धर्मकांटे पर जाकर बाट-माप का निरीक्षण किया। अचानक शुरू हुई इस कार्रवाई से संचालकों में हड़कंप मचा रहा।
बाजार भाव अधिक होने के कारण किसान अपना गेहूं व्यापारी के यहां बिक्री करते हैं। वहीं धर्मकांटा पर भी वजन कराते हें। धर्मकांटे पर घटतौली को लेकर डीएम संजय कुमार सिंह के पास शिकायत आई थी। इसपर उन्होंने डिप्टी आरएमओ को कार्रवाई के निर्देश दिए। डीएम के आदेश पर मंगलवार को डिप्टी आरएमओ ने बीसलपुर मंडी सचिव नाजिम, एएमओ प्रकाश नरायन, महीपाल, श्रीराम सिंह, रमेश के साथ बीसलपुर स्थिति गणेश धर्मकांटे पर जांच की।
जांच के दौरान वहां पर वजन कराकर देखा गया। बाट को भी देखा गया। इस दौरान वहां पर घटतौली जैसी कोई बात सामने नहीं आई। डिप्टी आरएमओ विजय कुमार ने बताया कि संचालक को वजन कराने आए किसानों को केंद्र पर भेजने के निर्देश दिए गए। डीएम संजय कुमार सिंह ने बताया धर्मकांटे पर घटतौली की शिकायत मिली थी। इसपर टीम को भेजा गया था। इसी तरह से अन्य कांटों पर भी जांच कराई जाएगी।