पूरनपुर। एसडीएम, तहसीलदार और उनके दोनों पेशकारों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए अधिवक्ताओं का प्रतिनिधिमंडल सोमवार को डीएम से मिला। डीएम ने दूसरे पक्ष को सुनकर कार्रवाई का आश्वासन दिया। डीएम के आश्वासन पर वकीलों का धरना-प्रदर्शन स्थगित हो गया।
अधिवक्ताओं ने शनिवार को एसडीएम, तहसीलदार और उनके पेशकारों पर भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए तहसील में प्रदर्शन किया था। प्रदर्शनकारी अधिवक्ताओंं ने दोनों अफसरों और पेशकारों के न हटने तक आंदोलन जारी रखने, सोमवार को हड़ताल पर रहने, डीएम से मिलकर पूरे मामले की जानकारी देने का निर्णय लिया था।
रविवार को प्रगतिशील अधिवक्ता एसोसिएशन के अध्यक्ष संजय सक्सेना के नेतृत्व में वकीलों का प्रतिनिधिमंडल जिला मुख्यालय पर डीएम से मिला। एसोसिएशन के अध्यक्ष ने बताया कि डीएम ने उनकी शिकायत और समस्या को गंभीरता से सुना। साथ ही दूसरे पक्ष को सुनने के बाद सप्ताह भर के अंदर कार्रवाई का आश्वासन दिया।
डीएम के आश्वासन पर हड़ताल, धरना प्रदर्शन स्थगित कर दिया गया है। मंगलवार से अधिवक्ता पूर्व की तरह कार्य करेंगे। प्रतिनिधिमंंडल में महामंत्री सुशील सक्सेना, संजय पांडेय, युनुस खां आदि वकील भी शामिल रहे।