शहर के मोहल्ला ताखान के परमठ मंदिर में सुंदर कांड का पाठ करते श्रद्धालु। स्रोत : श्रद्धालु
पीलीभीत। ज्येष्ठ माह के दूसरे बड़े मंगलवार का उत्साह शहर से लेकर कस्बों और गांवों तक नजर आया। श्रद्धालु बजरंगबली की भक्ति के रंग में डूबे नजर आए। मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटी। बजरंगबली की विधि-विधान से पूजा-अर्चना हुई। सुंदरकांड का पाठ और संकीर्तन दरबार सजाया गया। शहर और कस्बों में जगह-जगह भंडारों का आयोजन किया गया। पूरे दिन जयकारे और हे बजरंगबली हनुमान, हे महावीर करो कल्याण आदि भजनों के स्वर गूंजते रहे।
स्टेडियम मार्ग के पंचमुखी हनुमान मंदिर पर सुबह से श्रद्धालुओं की लाइन नजर आई। भक्तों ने बजरंगबली को चोला चढ़ाया गया। शहर के दूधियानाथ मंदिर परिसर में भी भक्तों ने भंडारे का आयोजन किया। भंडारा दोपहर 12 बजे से शाम तक चला। पूरनपुर, बरखेड़ा, बिलसंडा के हनुमान मंदिरों में भी भक्तों की कतार लगी रही।
मठिया नाथ मंदिर में हुआ सुंदरकांड का पाठ, भंडारे का भी आयोजन
बीसलपुर। ज्येष्ठ माह के दूसरे मंगलवार को विश्व शांति सेवा संस्थान की ओर से नगर के मठिया चौराहे पर श्रीरामचरित मानस के सुंदरकांड का पाठ हुआ। इसके बाद मंदिर के द्वार पर भंडारा हुआ। भंडारा दोपहर में शुरू होकर शाम तक चलता रहा। व्यवस्था में संस्थान के संस्थापक मुकेश गुप्ता, प्रबंधक प्रवीण नगाइच, अनुज मित्तल, अरविंद अग्रवाल, श्रीओम अग्रवाल और मंदिर के पुजारी केशव गुप्ता आदि लोगों का विशेष सहयोग रहा। आर्य समाज भवन के सामने कुछ लोगों ने हनुमान चालीसा और सुंदरकांड का पाठ किया। व्यवस्था में लखनलाल मिश्रा, नरेश सक्सेना, राकेश सक्सेना, दिलीप दुबे आदि लोगों का विशेष सहयोग रहा। पंचमुखी मंदिर में भी सुंदरकांड का पाठ हुआ। आयोजन समिति के राजू बाजपेयी ने आगंतुकों का आभार जताया। भंडारे के साथ कार्यक्रम का समापन हो गया।
शहर के मोहल्ला ताखान के परमठ मंदिर में सुंदर कांड का पाठ करते श्रद्धालु। स्रोत : श्रद्धालु