पीलीभीत। अफसरों के निर्देश के बाद भी ग्राम विकास अधिकारी ने पत्रावली उपलब्ध नहीं कराई। रिमांडर जारी होने के बाद भी हीलाहवाली की। अब डीपीआरओ ने नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर पत्रावली उपलब्ध कराते हुए जवाब मांगा है।
मरौरी ब्लॉक के गांव हिम्मतनगर के कुछ ग्रामीणों ने प्रधान व ग्राम विकास अधिकारी के खिलाफ शिकायत की थी। शिकायत में बताया कि वित्तीय वर्ष 2021-22 गांव में सीसी रोड का निर्माण कार्य कराया। निर्माण कार्य के दौरान मानकों की अवहेलना की गई। साथ ही पुरानी नाली पर हल्का-फुल्का प्लास्टर कर रुपये निकाल लिया। हैंडपंप रिबोर और फर्नीचर की खरीद दिखाकर लाखों रुपये का भुगतान कर लिया। शिकायत पर अफसरों ने संज्ञान लेते हुए ग्राम विकास अधिकारी रामकिशोर से पत्रावली उपलब्ध कराए जाने को लेकर नोटिस जारी किया। नोटिस जारी होने के बाद भी ग्राम विकास अधिकारी ने कोई भी जवाब उपलब्ध नहीं कराया। अब डीपीआरओ रोहित भारती ने कारण बताओ नोटिस जारी कर दो दिनों के भीतर पत्रावली उपलब्ध कराने के निर्देश जारी किए हैं। साथ ही अपना स्पष्टीकरण उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। ऐसा न करने पर संबंधित कर्मचारी पर विभागीय कार्रवाई अमल में लाए जाने के निर्देश दिए हैं।
डीपीआरओ रोहित भारती ने बताया कि ग्राम विकास अधिकारी को पत्रावली उपलब्ध कराए जाने को लेकर नोटिस जारी किया है। समयावधि में जवाब न देने पर संबंधित के खिलाफ विभागीय कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।