पीलीभीत। मंगल बाजार में मंगलवार को दोपहर भारी भीड़ थी। अधिकतर लोग कोरोना से बचाव की गाइड लाइन के पालन के प्रति बेखबर नजर आ रहे थे। सामाजिक दूरी भी नहीं रखी जा रही है। बिना मास्क के दुकानदार सामान बेच रहे थे। जो ग्राहक खरीदारी कर रहे थे, उनमेें भी अधिकतर ग्राहक बिना मास्क के नजर आ रहे थे।
बाजार का यह हाल तब है जब करीब में ही एसडीएम और तहसीलदार जैसे प्रशासनिक अधिकारियों का कार्यालय है। पूरी तहसील का संचालन चंद कदम दूरी पर ही होता है। अगर अधिकारी ध्यान नहीं देंगे तो कौन ध्यान देगा? यह सवाल उन जागरूक लोगों का है जो कोरोना के संक्रमण को लेकर खुद नियमों का पालन कर रहे हैं और दूसरों से भी अपेक्षा करते हैं। जनता को जागरूकता दिखानी है तो जिम्मेदारी अधिकारियों को भी जिम्मेदारी दिखानी होगी। बाजार के आसपास रहने वाले लोगों ने बताया कि शहर की जामा मस्जिद के बाहर वर्षों से मंगल बाजार लगता आ रहा है। पिछले कोरोना काल में बाजार पर रोक लगा दी गई थी लेकिन इस बार के कोरोना काल में न कोई पाबंदी है न कोई नियमों का पालन कराने की कोशिश हुई है। यह बाजार एक बार फिर से सड़कों पर लगने लगा है। बाजार में सैकड़ों की भीड़ खरीदारी करने आती है। अगर खरीदारी करने आने वाले लोग कोरोना से बचाव के प्रति सतर्कता दिखाएं और दुकानदार बिना मास्क के आने ग्राहकों को सामान की बिक्री न करें तो बचाव हो सकता है।
सड़क पर बाजार लगने से रास्ता बंद हो जाता है। मंगलवार के दिन अस्पताल का गेट पूरी तरह बंद हो जाता है। 2018 में अस्पताल आ रही एबुलेंस फंस गई थी। इससे गर्भवती महिला जान चली गई। - डॉ. भरत कंचन
बाजार के दिन काफी दिक्कत होती है। कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर चल रही है। इसके बाद भी प्रशासन की ओर को ध्यान नहीं दिया जा रहा है। खुलेआम टैक्स की भी चोरी हो रही है। -रितेश कुमार गुप्ता
बाजार में जिलेभर के लोग आते हैं। इससे संक्रमण फैलने का खतरा है। प्रशासन भी इस ओर गंभीर नहीं है। मंगलवार के दिन इधर से निकला दूभर हो जाता है। सड़क पूरी तरह बंद हो जाती है। वाहनों का आवागमन पूरी तरह बंद हो जाता है। - सनी पाल
कोरोना संक्रमण की तीसरी लहर को लेकर भले ही जागरूक किया जा रहा है। मगर मंगलवार बाजार में खुलेआम कोविड प्रोटोकाल की धज्जियां उड़ाई जा रही हैं। इस ओर जिम्मेदारों को ध्यान देने की जरूरत है। - अश्वनी सहगल
मंगल बाजार पर पहले रोक लगाई गई थी। इसके बाद कुछ लोगों ने उच्चाधिकारियों से वार्ता की। तब अनुमति दे दी गई। अब कोरोना संक्रमण को लेकर फिर से बाजार को बंद कराने के लिए उच्चाधिकारियों से अनुमति ली जाएगी। भीड़ अधिक होती है इसलिए कोरोना संक्रमण का भी खतरा बढ़ रहा है। - योगेश कुमार गौड़, एसडीएम सदर