नवजात की मौत के बाद महिला अस्पताल परिसर में हंगामा करते परिजन स्रोत : सोशल मीडिया
जिला महिला अस्पताल का मामला, सीएमओ ने सीएमएस से मांगी मामले की रिपोर्ट
पीलीभीत। एक दिन के नवजात की मौत से भड़के परिजनों ने जिला महिला अस्पताल में सोमवार को जमकर हंगामा किया। परिजनों ने नवजात की मौत की वजह गलत तरह से टीका लगाया जाना बताया है। अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बच्चे को एसएनसीयू वार्ड में भर्ती किया जाना था, लेकिन परिजनों ने अनुमति नहीं दी। हालांकि सीएमएस ने परिजनों को जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है। वहीं, सीएमओ ने सीएमएस से प्रकरण की रिपोर्ट मांगी है।
मोहल्ला देशनगर निवासी फरहद अपनी पत्नी को प्रसव पीड़ा होने पर रविवार को जिला महिला अस्पताल लाए थे। यहां शाम के समय महिला ने पुत्र को जन्म दिया। सोमवार को टीका लगाने के दस मिनट बाद ही नवजात की मौत हो गई। भड़के परिजनों ने जिला महिला अस्पताल में जमकर हंगामा किया। गलत इंजेक्शन लगने पर बच्चे का शरीर नीला पड़ने के बाद उसकी मौत होने का आरोप लगाया। परिजनों के हंगामे की सूचना पर डायल 112 भी मौके पर पहुंच गई। परिजनों को शांत कराया गया।
अस्पताल प्रशासन ने दी सफाई
अस्पताल प्रशासन का कहना है कि बच्चे की स्थिति ठीक नहीं थी। विशेषज्ञ चिकित्सक ने एसएनसीयू वार्ड में भर्ती करने की सलाह दी थी, लेकिन परिजनों ने बच्चे को भर्ती नहीं कराया। इससे बच्चे की मौत हो गई। सीएमएस डॉ. राजेश कुमार ने लापरवाही की बात सामने आने पर जांच शुरू कर दी है। सीएमओ डॉ. आलोक कुमार ने मामले की गंभीरता को देखते हुए मामले की रिपोर्ट सीएमएस से मांगी है। संवाद