बरखेड़ा। पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर गांव भैंसहा ग्वालपुर मोड़ के पास अचानक से सामने आए छुट्टा पशु से टकराने से टेंपो पलट गया। हादसे में बीसलपुर के मोहल्ला दुर्गा प्रसाद निवासी फूलचंद (62) की मौत हो गई। इसमें एक ही परिवार के पांच लोग घायल हुए हैं। सभी लोग मुंडन संस्कार कराकर टेंपाे से वापस लौट रहे थे। तभी रास्ते में हादसे का शिकार हो गए।
बीसलपुर कोतवाली के गांव पकड़िया मंगली निवासी अशोक गंगवार के बेटे अमन का मुंडन संस्कार था। परिवार के सभी लोग एक टेंपो से इलाबांस देवल मंदिर गए थे। देर शाम करीब सात बजे मंदिर से वापस आते समय पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर भैसहा ग्वालपुर मोड़ के पास छुट्टा जानवर अचानक से टेंपो के सामने आ गया। पशु से टकरा कर टेंपो पलट गया। हादसे में बच्चे का मुंडन करने गए नाई फूलचंद की मौके पर ही मौत हो गई। चार वर्षीय अमन, नितिन (13), रेखा देवी (37), विनीता देवी (35) व सरोज देवी (42) गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायलों को बरखेड़ा सीएचसी लाया गया। यहां उनका उपचार किया गया। हादसे से खुशियों वाले परिवार में चीख-पुकार मची है। संवाद