पुलिस और एसएसबी के जवानों ने बढ़ाई सतर्कता, संयुक्त गश्त तेज
कलीनगर। नेपाल में होने वाले आम चुनाव को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से नेपाल सरकार की ओर से सीमा को चार दिनों के लिए पूरी तरह सील कर दिया गया है। भारतीय क्षेत्र में भी सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है। पुलिस के साथ एसएसबी ने सीमा पर सतर्कता बढ़ा दी है।
जिले की सीमा नेपाल से मिली हुई है। माधोटांडा और हजारा थाना क्षेत्रों से होकर गुजरने वाली सीमा पर पुलिस और एसएसबी की ओर से निगरानी की जाती है। दोनों देशों के लोग आम दिनों में सामान्य रूप से दोनों ओर आवाजाही करते हैं। इधर, नेपाल में 5 मार्च को प्रस्तावित आम चुनाव को देखते हुए नेपाल प्रशासन ने एहतियातन चार दिन के लिए सीमा बंद करने का निर्णय लिया है। इस दौरान आवागमन भी पूरी तरह रोक दिया गया है। इसके कारण सोमवार को सीमावर्ती इलाकों में निगरानी बढ़ा दी गई है। एसएसबी के जवानों के साथ माधोटांडा पुलिस ने गश्त बढ़ा दी है। वहीं नेपाल की ओर से नेपाल एपीएफ भी अपने क्षेत्र में गश्त कर रही है, ताकि किसी भी तरह की अवैध गतिविधि या अव्यवस्था को रोका जा सके। थाना प्रभारी अशोक पाल ने बताया कि नेपाल में चुनाव के चलते सीमा पर आवागमन बंद किया गया है। सुरक्षा व्यवस्था को पूरी तरह मजबूत कर दिया गया है। संवाद