बीसलपुर। बरेली से आए पीसीयू संस्था के नोडल ऑफिसर ने शनिवार को मंडी के सभी राजकीय धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। पीसीयू के नोडल को क्रय केंद्रों पर शिकायत पंजिका तक नहीं मिली। वहीं अधिकारियों के फोन नंबरों का भी उल्लेख नहीं मिला। इस पर उन्होंने क्रय केंद्र प्रभारियों से कड़ी नाराजगी जताई।
शनिवार को बरेली के नोडल अधिकारी मनोज कुमार ने मंडी परिसर में चल रहे विभिन्न संस्थाओं के सभी 30 राजकीय धान क्रय केंद्रों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण में पता चला कि अभी-तक सभी केंद्रों पर महज 15 हजार क्विंटल धान की खरीद हो पाई है। उन्होंने खरीद को कम बताते हुए नाराजगी जताई और खरीद बढ़ाए जाने के निर्देश दिए। निरीक्षण में विपणन विभाग के दो केंद्रों की स्थिति काफी खराब मिली। इन केंद्रों पर काफी कम खरीद हो पाई है। पूछने पर बताया गया कि ये दोनों केंद्र काफी विलंब से शुरू हुए हैं। निरीक्षण के दौरान किसी भी केंद्र पर शिकायत पंजिका और संबंधित अधिकारियों के फोन नंबर की सूची भी नहीं पाई गई। उन्होंने केंद्रों पर धान तुलवाने आए किसानों से समस्याएं पूछी, लेकिन किसी ने कोई समस्या नहीं बताई। नोडल अधिकारी को देखते ही बिचौलिया मंडी के पूरब वाली दीवार फांद कर भाग गए थे। नोडल अधिकारी ने केंद्र प्रभारियों को निर्देश दिया कि केंद्रों पर मानक के अनुरूप सभी सुविधाएं हर समय उपलब्ध रहनी चाहिए। धान तुलवाने वाले किसानों का भुगतान समय पर दिया जाए। निरीक्षण के समय उनके साथ पीसीयू के जिला प्रबंधक योगेश कुमार भी मौजूद रहे। इस बाबत मंडी सचिव नाजिम अली ने बताया कि नोडल अधिकारी ने सभी केंद्रों का निरीक्षण कर लिया है और केंद्र प्रभारियों को कुछ जरूरी निर्देश दिए हैं।