घर से टहलने के लिए निकला बाइक सवार किसान नवाबगंज रोड पर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। गांव के लोगों से जानकारी मिलने पर परिवारीजन मौके पर पहुंचे और घायल को जिला अस्पताल भर्ती कराया। जहां हालत नाजुक होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया है।
बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गाजीपुर कुंडा गांव के निवासी रोशनलाल का 34 वर्षीय पुत्र लीलाधर खेती कर परिवार का भरण पोषण करता है। गुरुवार सुबह वह बाइक लेकर गांव में ही घूमने निकला था। करीब दो घंटे बाद वह मकान से एक किलोमीटर दूर बरखेड़ा-नबाबगंज रोड पर नहर पुल के पास लीलाधर लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। उसके सिर से खून बह रहा था और बाइक एक साइड में पड़ी हुई थी। गांव के लोगों से जानकारी मिलने पर किसान के परिवार वाले मौके पर पहुंचे। जिसके बाद एंबुलेंस से लेकर जिला अस्पताल आए। यहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उसे बरेली रेफर कर दिया गया है। परिवारीजनों ने हादसे में घायल होने की आशंका जताई है।