दिल्ली में आत्महत्या करने वाले रिटायर्ड फौजी के परिजनों से मिलने जा रहे कांग्रेस के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को हिरासत में लेने के विरोध में जिले के कांग्रेसी खासे गुस्से में दिखे। पूर्व मंत्री अनीस अहमद उर्फ फूल बाबू की अगुवाई में कांग्रेसियों ने जिला मुख्यालय पर जुलूस निकाला और सभा कर केंद्र सरकार की बर्खास्तगी की मांग का ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट को सौंपा। कांग्रेसियों ने बीसलपुर में भी जोरदार प्रदर्शन कर केंद्र सरकार की बर्खास्तगी की मांग की। वहीं आप कार्यकर्ताओं ने भी मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को रोकने व उप मुख्यमंत्री मनीेष सिसौदिया को हिरासत लेने के विरोध में नारेबाजी कर मुख्यालय पर धरना दिया।
पूर्व मंत्री अनीस अहमद फूल बाबू के नेतृत्व में सैकड़ों कांग्रेसी बृहस्पतिवार को पहले नकटादाना चौराहा के निकट स्थित पूर्व मंत्री के आवास पर एकत्र हुए तथा वहीं से जुलूस निकाल कलेक्ट्रेट परिसर पहुंचे। यहां कांग्रेसियों ने दिल्ली में पुलिस द्वारा राष्ट्रीय उपाध्यक्ष को हिरासत में लेने के विरोध में केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। यहां हुई सभा को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री ने कहा कि कांग्रेस की बढ़ती लोकप्रियता से केंद्र की मोदी सरकार घबरा गई है। यही वजह है कि उसने आत्महत्या करने वाले पूर्व सैनिक के परिवार वालों तक से राहुल गांधी जी को मिलने नहीं जाने दिया। राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी को मोदी सरकार ने अकारण गिरफ्तार कर लोकतंत्र की हत्या की है। मोदी सरकार में शहीदों के परिवार भी सुरक्षित नहीं हैं। उनकी आवाज को सरकार दबा रही है। सैनिक आत्महत्या कर रहे हैं। मोदी सरकार में ही सैनिकों पर राजनीति की जा रही है। बाद में कांग्रेसियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन सिटी मजिस्ट्रेट आरआर शर्मा को सौंपा। जिसमे मोदी सरकार का बर्खास्त करने की मांग की गई है। ज्ञापन देने वालों में पूर्व मंत्री अनीस अहमद उर्फ फूल बाबू, जिलाध्यक्ष हरप्रीत सिंह चब्बा, शहर अध्यक्ष वीरेंद्र सिंह, सैय्यद तौकीर अहमद, मेंहदी हसन, शकील नूरी, राजेश गंगवार, अटल सिंह, मुरारीलाल, रामू सक्सेना, सज्जाद खां, राजीव शर्मा आदि शामिल रहे।
बीसलपुर। राहुल गांधी की गिरफ्तारी के विरोध में तहसील पहुंचे कांग्रेसियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन एसडीएम बीपी सिंह को सौंपकर दोषियों को दंडित कराने की मांग की। प्रदर्शन करने वालों में पिछड़ा वर्ग प्रकोष्ठ के पूर्व प्रांतीय महासचिव देव स्वरूप पटेल, नरेंद्र गंगवार, राहुल पटेल, नंदराम गंगवार, सुरेशचंद्र, संजय कुमार, मुकेश कुमार, राजेश कुमार, ताराचंद, भुवनेश कुमार, हरीश कुमार आदि शामिल रहे।
आप कार्यकर्ताओं ने भी दिया धरना
पीलीभीत। आप कार्यकर्ताओं ने भी मृत रिटायर्ड फौजी के परिवारीजनों से मिलने जा रहे मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को रोकने व उप मुख्यमंत्री मनीष सिसौदिया को हिरासत में लेने के विरोध में नेहरू पार्क में नारेबाजी कर धरना दिया। धरनास्थल पर हुई सभा में राजीव अग्रवाल टीटी ने कहा कि केंद्र की मोदी सरकार पूरी तरह से तानाशाही पर उतरी हुई है। मध्यप्रदेश में मुठभेड़ कांड के शहीद कांस्टेबिल के परिवारीजनों से जब मुख्यमंत्री शिवराज मिलने जाते हैं तो राष्ट्रवाद है और जब मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल फौजी के परिवारीजनों से मिलने जाते हैं ति उन्हें रोक दिया जाता है। इस तानाशाही को अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। कहा गया कि मोदी सरकार लोकतंत्र का गला घोंट रही है। इसके विरोध में सड़क से लेकर संसद तक विरोध किया जाएगा। धरना देने वालों में जिला संयोजक संदीप सक्सेना, सत्यपाल वर्मा, चंद्रपाल गंगवार, राजीव चौहान, रामचंद्र, धर्मेंद्र प्रजापति, बलजीत सिंह, वनवारीलाल, विशु वर्मा, मुकुल अग्रवाल, अरविंद यादव, परवेज आदि शमिल रहे।