पूरनपुर(पीलीभीत)। सांसद वरुण गांधी के पत्र को लेकर रहे शुक्रवार को सोशल मीडिया कमेंट होते रहे। पत्र के मुताबिक पूरनपुर तहसील के गांव लालपुर निवासी मिलाप सिंह को प्रतिनिधि पद से निलंबित किया गया है। उन पर भ्रष्टाचार की गतिविधियों में लिप्त होने का आरोप है। चुनाव के बाद उचित कानूनी कार्रवाई की बात भी पत्र में कही गई है।
सांसद वरुण गांधी के प्रतिनिधि को हटाने संबंधी पत्र की प्रति जिलाधिकारी के नाम है। प्रतिलिपि पुलिस अधीक्षक, सीडीओ पीलीभीत और खंड विकास अधिकारी पूरनपुर के नाम की गई है। दूसरी ओर मिलाप सिंह का कहना है कि वह बरखेड़ा विधानसभा क्षेत्र भाजपा प्रत्याशी स्वामी प्रवक्तानंद को चुनाव लड़ा रहे हैं। उनका आरोप है कि सांसद के करीबी कुछ लोग सपा प्रत्याशी को चुनाव लड़ाने का दबाव बना रहे हैं। इसी को लेकर उनको हटाया गया है। मिलाप सिंह का जवाब आने के बाद ही सोशल मीडिया पर कमेंटबाजी शुरू हुई है। पक्ष विपक्ष में लोग अपनी राय दे रहे हैं।