पीलीभीत। सांसद वरुण गांधी ने अब बीएसएफ के जवानों की समस्याओं पर ट्वीट किया है। सांसद ने कहा- महज चार घंटे की नींद, दो-दो शिफ्ट, विषम परिस्थितियों में ड्यूटी और सुविधाओं के नाम पर कुछ नहीं। देश के बॉर्डर की सुरक्षा करने वाले जवानों की यह स्थिति है।
रिक्त पदों को लेकर सांसद ने कहा कि बीएसएफ में 20 से 22 हजार पद खाली हैं और 20 सालों में प्रमोशन मिल पा रहे हैं। पिछले दस सालों में 1205 जवानों ने ली अपनी जान। फिर भी मेरा देश महान। सांसद जनता के मुद्दों पर लगातार सवाल खड़े कर रहे हैं। कई बार अपनी ही सरकार को सवालों के घेरे में ले चुके हैं। ब्यूरो
अब धुएं से भरने लगी गरीब की रसोई
सांसद वरुण गांधी ने महंगाई को लेकर भी तंज कसा है। उन्होंने कहा कि घरेलू सिलिंडर अब 1050 रुपये में मिलेगा! जब देश में बेरोजगारी चरम पर है, तब भारतवासी पूरी दुनिया में सबसे महंगी एलपीजी खरीद रहे हैं। कनेक्शन की लागत 1450 रुपये से बढ़ाकर 2200 रुपये कर दी गई। सिक्योरिटी 2900 से बढ़ाकर 4400 रुपये हो गई। यहां तक की रेगुलेटर तक 100 रुपये महंगा किया गया है। गरीब की रसोई फिर धुएं से भरने लगी है।