पीलीभीत। दहेज में कार और दो लाख रुपये देने की मांग पूरी न होने पर ससुरालियों ने विवाहिता को प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। आरोप है कि रक्षाबंधन पर उससे जेवरात छीनकर और मायके ले जाकर छोड़ दिया। एसपी के आदेश पर पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज की है।
जहानाबाद क्षेत्र के गांव नवादादास निवासी सुजाता ने एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 18 अप्रैल 2024 को उसकी शादी शहर कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला सरफराज खां निवासी राजा पुत्र कमल कुमार के साथ हुई थी। शादी में मायके पक्ष के लोगों ने हैसियत के अनुसार बाइक समेत अन्य दान दहेज दिया, लेकिन उससे ससुराली संतुष्ट नहीं हुए।
आरोप है कि पति के अलावा जेठ सोनू, टेनी, सास माया देवी, ससुर, आंचल, महक, मुस्कान ने दहेज में कार और दो लाख रुपये की मांग को लेकर उसे प्रताड़ित करना शुरू कर दिया। पति शराब के नशे में उसको पीटने लगा। मायके पक्ष ने कई बार समझाया, लेकिन इसके बाद भी ससुराली हरकतों से बाज नहीं आए। आरेप है कि रक्षाबंधन पर उससे जेवरात छीनकर और मायके ले जाकर छोड़ दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर आठ लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।