पीलीभीत। शहर के होटल में महिला की हत्या के मामले में होटल प्रबंधन की लापरवाही साफ दिख रही है। महिला का नाम तक अभिलेखों में दर्ज नहीं किया गया था। दोपहर में आरोपी युवक ने थोड़ी देर बाद महिला की आईडी जमा करने को कहा लेकिन कई घंटे बाद भी इसको लेकर कोई पड़ताल नहीं की गई। पुलिस ने अपनी रिपोर्ट मेें होटल की लापरवाहियों का भी जिक्र किया है। होटल पर कार्रवाई भी हो सकती है।
नियम है कि होटल मालिक ग्राहक को कमरा देने से पहले उसका आईडी प्रूफ लेगा। अगर उसके साथ कोई महिला है तो विशेष गंभीरता बरती जाएगी। होटल मालिक के साथ-साथ इसकी निगरानी के लिए बीट सिपाही से लेकर चौकी और थाना प्रभारियों की जिम्मेदारी भी तय है। लेकिन इस होटल में कल अन्य ठहरने वालों की आईडी तक नहीं चेक की गई। जबकि बीते पांच साल में दो बार शहर के दो नामचीन होटलों में अलग-अलग अंतराल में दो युवकों की खुदकुशी की घटनाएं भी सामने आ चुकी है, इसमें भी मरने वालों की आईडी नहीं ली गई थी। तब पुलिस की काफी फजीहत हुई थी। उस वक्त अधिकारियों ने होटलों की चेकिंग पर गंभीरता बरतने के निर्देश दिए थे। जो अभी तक सिर्फ कागजों में चल रही हैं, मगर धरातल पर इसका कोई पालन नहीं है।
तराई का जनपद नेपाल और उत्तराखंड की सीमा से सटा हुआ है। ऐसे में सुरक्षा के लिहाज से भी होटल में पहुंचने वालों की जांच को लेकर शासन भी बीच-बीच में निर्देशित करता रहा है। लेकिन निचले स्तर पर मातहतों ने अपनी सांठगांठ के चलते नियमों को ताख पर रख दिया। जिस होटल में महिला की हत्या हुई है। यह होटल पहले भी चर्चा में रह चुका है। देह व्यापार से जुड़ी शिकायतें भी इस होटल में मिली है। हालांकि पुलिस के छापा के दौरान देर पहुंचने पर पुलिस को कुछ नहीं मिला था। शुक्रवार रात हुई घटना के बाद अफसर भी लापरवाही की बात स्वीकार कर रहे हैं, मगर चौबीस घंटे बीतने के बाद भी कोई ठोस कदम नहीं उठाया जा सका है। होटल के सीसीटीवी कैमरे बंद मिले, लेकिन जब भी पुलिस ने इस होटल की चेकिंग की होगी। तो अभिलेखों में सीसीटीवी कैमरे चालू होना दर्शाया गया। लेकिन घटना के बाद सीसीटीवी कैमरे बंद मिलने पर होटल की व्यवस्थाओं के साथ पुलिस की चेकिंग करने के दावों की भी पोल खुली है। हालांकि पुलिस होटल संचालक की लापरवाही और सुरक्षा में की गई चूक पर पर्दा डालने का काम कर रही है।
इस प्रकरण में होटल की लापरवाही सामने आई है। जिसकी रिपोर्ट बनाकर डीएम को भेजी जाएगी। शहर के दोनों थाना प्रभारियों को होटलों की गहनता के साथ चेकिंग करने के निर्देश दिए हैं। अगर अब चेकिंग के दौरान कहीं भी लापरवाही सामने आई। तो कार्रवाई की जाएगी। - वीरेंद्र विक्रम सीओ सिटी