पीलीभीत। प्रयागराज में सात सितंबर से चल रही 68वीं प्रादेशिक विद्यालय बैडमिंटन प्रतियोगिता में बरेली मंडल की टीम ने फाइनल में प्रवेश कर लिया है। इसमें मंगलवार को बरेली व प्रयागराज मंडल के बीच कांटे की टक्कर होगी। टीम में जिले के खिलाड़ी ओजस्वदीप शानदार प्रदर्शन कर रहे हैं।
सेमीफाइनल में बरेली मंडल की बालक वर्ग की टीम ने सोमवार को मिर्जापुर मंडल की टीम को 2-1 से हराकर फाइनल में जगह बनाई। इससे पूर्व क्वार्टर फाइनल में मंडल की टीम ने बनारस मंडल को सीधे सेटों में 2-0 से पराजित कर सेमीफाइनल में प्रवेश किया था। बरेली और प्रयागराज मंडल के बीच फाइनल मुकाबले को लेकर जिले के खेलप्रेमी उत्साहित हैं।
जिला क्रीड़ा सचिव राजेश शुक्ला ने बताया कि मंडल की ओर से खेलते हुए सेंट मारिया इंटर कॉलेज धनकुना के छात्र ओजस्वदीप का प्रदर्शन सराहनीय रहा। उनके फाइनल में पहुंचने पर डीआईओएस डॉ. अचल कुमार मिश्र व जिला क्रीड़ा समिति के सदस्यों ने खुशी व्यक्त की है। संवाद