पीलीभीत के बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र के गांव पुरैनिया रामगुलाम में मंगलवार रात आठ बजे घरेलू विवाद में युवक ने पिता को सरिया से पीटकर मार डाला। इसके बाद आरोपी मौके से भाग गया। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के अनुसार सिर पर चोट लगने और अत्यधिक रक्तस्राव होने के कारण मौत हुई है। पुलिस आरोपी की तलाश कर रही है।
गांव निवासी भूपराम ने बताया कि उसका भाई विशाल अपनी गर्भवती पत्नी सविता को पीट रहा था। सविता ने इसकी शिकायत घर के बाहर बैठे अपने ससुर हरीश कुमार (40) से की। हरीश बीच-बचाव करने पहुंचे तो विशाल ने उन पर सरिया से हमला कर दिया। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए। परिजन हरीश को बीसलपुर सीएचसी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
यह भी पढ़ें- दोस्त का कत्ल: साथ बैठकर पी शराब... रुपये देख डोली नीयत, फरसे से काटी ई-रिक्शा चालक की गर्दन, आरोपी गिरफ्तार
सूचना पर कोतवाली पुलिस गांव पहुंची और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा। सीओ प्रतीक दहिया ने बताया कि किसी विवाद को लेकर पुत्र ने अपने पिता पर सरिया से हमला कर दिया। इसमें पिता हरीश कुमार की मौत हो गई। रिपोर्ट दर्ज कर पुलिस आरोपी की तलाश में दबिश दे रही है।