न्यूरिया। राजा कप क्रिकेट टूर्नामेंट के अंतर्गत सोमवार को आठवां लीग मुकाबला मझोला और राजा कॉलोनी के बीच खेला गया। एकतरफा मुकाबले में मझोला ने राजा कॉलोनी को आठ विकेट से पराजित कर क्वार्टर फाइनल में प्रवेश किया।
मैच का शुभारंभ मुख्य अतिथि भवतोष कुमार मंडल एवं पार्थ सारथी ने दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर किया। मैच में मझोला के कप्तान अमरदीप ने टॉस जीतकर पहले क्षेत्ररक्षण करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी राजा कॉलोनी की टीम निर्धारित 15 ओवर में आठ विकेट के नुकसान पर मात्र 68 रन ही बना सकी। टीम की ओर से पीयूष ने 18 रन व उपानंद ने 14 रनों का योगदान दिया।
मझोला की ओर से विजय और भानु ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 2-2 विकेट झटके। इसके बाद 69 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मझोला की टीम ने मात्र 7 ओवर 1 गेंद में 2 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया। टीम की ओर से अरशद ने सर्वाधिक 31 तथा भानु ने 23 रन बनाए। भानु ने गेंदबाजी में भी 2 विकेट लेकर शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन किया, जिसके लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
टूर्नामेंट आयोजक कमेटी ने बताया कि बुधवार को दो क्वार्टर फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। पहला मुकाबला शक्ति फार्म और मझोला-2 के बीच खेला जाएगा, जबकि दूसरा क्वार्टर फाइनल मुकाबला आरसीवी न्यूरिया और खटीमा के बीच होगा। मैच के दौरान चंद्रशेखर, कृष्णकांत मंडल, गौरंग विश्वास, विवेक राय, प्रशांत, आलोक, सूरज, अरुण सेन, देवाशीष रहे।