पीलीभीत। सरकारी खजाने के करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी शेरपुर कलां, पूरनपुर देहात और पकड़िया नौगवां की जनता को शुद्ध पेयजल मुहैया नहीं हो सका है। ऐसे में सवाल है कि करोड़ों रुपये खर्च करने का लाभ क्या मिला। वहीं पाइप लाइनें कमजोर होने के साथ-साथ घटिया तरीके से निर्माण किए जाने के आरोप सामने आ रहे हैं।
इतने के बाद भी न तो जिम्मेदारों ने इसको लेकर किसी अभियंता की जवाबदेही तय की और न ही पाइप लाइनों को ठीक कराने के बाद पानी की आपूर्ति ही शुरू कराई। ऐसे में मजबूर जनता ने एक बार फिर आवाज उठाई है और यह सवाल भी पूछा कि इस हालत के लिए जिम्मेदार कौन है? जवाबदेही किसकी और कब तय की जाएगी। इस संबंध में जब जल निगम की अधिशासी अभियंता कुमकुम गंगवार से बातचीत की गई तो उन्होंने दावा किया कि शेरपुरकलां की पेयजल योजना को चलाया जा चुका है। कुछ दिन से बिजली न आने से योजना का कुछ हिस्सा बंद है जबकि पूरनपुर देहात पेयजल योजना के विषय में उन्होंने कहा कि उसे चलाने की जिम्मेदारी ग्राम पंचायत की है क्योंकि योजना ग्राम पंचायत को हस्तांतरित की जा चुकी है।
पकड़िया नौगवां नगर पंचायत के बारे उनका कहना था कि योजना पुरानी है। पकड़िया नौगवां अब नगर पंचायत बन चुकी है। नगरीय क्षेत्र में योजना के संचालन की जिम्मेदारी नगर पंचायत की है।
शुद्ध पानी के लिए तरस रही शेरपुरकला गांव की आधी से ज्यादा आबादी
पूरनपुर से लगे शेरपुर कला गांव में वर्ष 2009 में पेयजल आपूर्ति के लिए जलनिगम ने पानी की टंकी बनाई। पाइप लाइन बिछाई गई। पाइप लाइन इतनी घटिया थी कि जैसे ही पानी छोड़ा गया। कई जगह से पानी की लीकेज हुई और लाइन फट गई। दो चार बार जल निगम के अभियंताओं ने पानी की आपूर्ति देने का प्रयास किया। पाइप लाइन बार बार फटी तो पानी की आपूर्ति बंद कर दी गई। पिछले महीने से पेयजल आपूर्ति चालू हुई लेकिन आधी से अधिक आबादी अभी भी वंचित है क्योंकि पूरे गांव में आपूर्ति नहीं की जा रही है। जल निगम की अधिशासी अभियंता से जब इस विषय में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि एक हिस्सा बंद है। बाकी आपूर्ति चल रही है। वहीं गांव वालों का कहना है कि आधी से अधिक आबादी पानी के लिए तरस रही है।
सात करोड़ खर्च होने के बाद भी पांच वर्ष से ठप है पूरनपुर देहात की पेयजल योजना
पूरनपुर देहात में वर्ष 2014 और 2018 में पेयजल योजना को करीब 7.4 करोड़ की लागत से टैंक और पानी सप्लाई को पाइप डाले गए थे। मगर लोगों को पांच सालों से एक बूंद पानी नसीब नहीं हो रहा है। करीब एक लाख की आबादी पानी के लिए तरस रही है। जबकि पानी सप्लाई को वर्ष 2014 में देहात के मोहल्ला रजागंज और 2018 में देहात के लाइनपार इलाके में भगवंतापुर रोड पर पानी के टैंक का निर्माण किया था। इसके साथ ही पाइप लाइन डाली गई। पानी की सप्लाई शुरू होने पर जगह-जगह लीकेज से जलभराव की समस्या शुरू हुई। मोहल्ला रजागंज देहात में करीब दो साल तक मात्र कुछ हिस्से में सप्लाई दी गई। इसके बाद सप्लाई बंद कर दी गई। लाइनपार में मात्र कुछ महीने ही पानी की सप्लाई हो सकी।
पकड़िया नौगवां में दस वर्ष पहले बनी पेयजल योजना, आज तक नहीं चली
नगर पंचायत पकड़िया नौगवां में वर्ष 2012 से पहले जल निगम ने पेयजल आपूर्ति के लिए ओवर हैड टैंक का निर्माण कराया। पाइप लाइन डाली गई। उस वक्त पकड़िया नौगवां ग्राम पंचायत हुआ करती थी। जल निगम के अभियंताओं का दावा है कि ग्राम पंचायत को योजना हस्तांतरित कर दी गई थी लेकिन ग्राम पंचायत उसे नहीं चला सकी। अब ग्राम पंचायत को नगर पंचायत का दर्जा मिल चुका है। नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी सुरेंद्र प्रताप सिंह से पूछा गया तो उन्होंने बताया पेयजल योजना जब से बनी एक दिन भी नहीं चली लेकिन क्यों नहीं चली और क्या कमी है? इसे लेकर अब वह गंभीर हैं और जल निगम के अभियंताओं से बात करके इसे चालू कराने के लिए इस्टीमेट मांगा है।
पानी की टंकी के शोपीस बनने से शेरपुर कलां में आबादी प्रभावित है। बीते 13 साल से लोग गुहार लगा रहे हैं लेकिन जिम्मेदार अधिकारी पूरी तरह से उदासीन बने हैं। जेई आश्वासन पर आश्वासन देते चले आ रहे हैं परंतु पेयजल आपूर्ति शुरू नहीं हो सकी।- सिराज अहमद खां, शेरपुर कलां, पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य
जब ओवरहेड टैंक बनने के बाद पाइप लाइन बिछी तब से पानी की एक बूंद भी नहीं मिली है। मेन लाइन में कई जगह पाइप फटे हुए पड़े हैं। पेयजल योजना बनाने में बड़ा भ्रष्टाचार हुआ। इसलिए करोड़ों रुपये खर्च करने के बाद भी योजना अभी तक चालू नहीं हो सकी।
चंद्र प्रताप सिंह, पकड़िया नौगवां, नगर पंचायत
करोड़ों खर्च होने के बाद मात्र कुछ दिन और कुछ हिस्से के लोगों को ही पानी की सप्लाई मिल पाई। पांच साल से पूरनपुर देहात की पानी सप्लाई ठप है। वजह जगह-जगह लीकेज पाइप लाइन खराब है।
मास्टर फैय्याज, प्रधानपति के पति
पकड़िया नौगवां में बंद पड़ा नलकूप। संवाद- फोटो : PILIBHIT
मास्टर फैय्याज- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर देहात के लाइनपार में बना पेयजल का टैंक। संवाद- फोटो : PILIBHIT
चंद्रप्रताप सिंह- फोटो : PILIBHIT