पीलीभीत। जिले में नगर निकाय व विकासखंड स्तर पर संचालित गोशालाओं में गोवंश के चारे की व्यवस्था के लिए किसानों से ही हरा चारा खरीदा जाएगा। पशुधन विभाग किसानों से स्टांप पर अनुबंध करेगा ताकि गोशाला के लिए सालभर में तीन रुपये प्रति किलो के हिसाब से हरे चारे की खरीद की जा सके। इससे गोशाला में हरे चारे की आपूर्ति प्रभावित नहीं होगी। वहीं, किसानों की आय का नया साधन भी बनेगा।
जिले में गोवंशों को संरक्षित करने के लिए 66 गोशालाएं संचालित होती हैं, जिसमें से सात नगर निकाय स्तर पर संचालित हो रही हैं। दो सामाजिक संगठन चलाते हैं। सभी गोशाला में गोवंशों के लिए हरे-चारे की आपूर्ति प्रभावित न हो, इसके लिए पशुधन विभाग ने नई योजना बनाई है। प्रत्येक गोशाला में ऐसे किसान, जो हरे चारा की व्यवस्था रखते हैं। उनका गोशाला से अनुबंध किया जाएगा। वार्षिक अनुबंध में किसान को गोशाला में हरा-चारा पहुंचाना अनिवार्य होगा। इसके लिए किसान को तीन रुपये प्रति किलो के हिसाब से गोशाला की ओर से भुगतान भी किया जाएगा।
मुख्य पशु चिकित्साधिकारी डाॅ. प्रवीन कुमार त्यागी ने बताया कि इसके लिए सचिव स्तर पर किसानों से आवेदन लेने के विकासखंड स्तर पर निर्देश दिए जा चुके है। गोशालाओं में हरा चारा प्रभावित नहीं होने के चलते गोशाला के आसपास के किसानों की आय बढ़ेगी। संवाद