बिलसंडा में बाहर से आई महिला को सीएचसी से जांच के लिए लेकर आती एंबुलेंस
- फोटो : PILIBHIT
बिलसंडा। कोरोना वायरस को लेकर बढ़ाई गई सतर्कता के बीच स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कनाडा से आई महिला समेत चार संदिग्धों का स्वास्थ्य परीक्षण कराया गया। इसके बाद उनके खून के नमूने लेकर घरों पर ही उन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया।
थाना क्षेत्र के गांव कल्यानपुर की रहने वाली एक महिला 11 मार्च को कनाडा से वापस आई थी। उसका अभी तक स्वास्थ्य परीक्षण नहीं कराया गया था। अब पता चलने पर परीक्षण कराया गया। इसके अलावा इलाहाबांस सिमरा गांव निवासी एक युवक नोएडा में रहकर नौकरी करता है। मार्च में वह कई दिन तक अपने घर पर रहा। इसके बाद 12 मार्च को वापस नोएडा चला गया था। नोएडा में युवक जिस मकान में रहता है, वहां पर कोराना संक्रमित पाए गए हैं। चूंकि युवक मार्च में कई दिन तक अपने परिवार के साथ रहा था। ऐसे में उसके परिवार को भी संदिग्ध माना गया। इसकी सूचना मिलते ही शुक्रवार को स्वास्थ्य विभाग की टीम गांव पहुंची। कनाडा से आई महिला और नोएडा में रहने वाले युवक के तीन परिवार वालों को एंबुलेंस से अपने साथ जिला अस्पताल ले गई। वहां पर चारों का मेडिकल परीक्षण कराया गया। इसमें अभी फिलहाल किसी के कोरोना संक्रमित होने के लक्षण नहीं मिले हैं। मगर सावधानी बरतते हुए उनकी निगरानी के निर्देश दिए हैं। सीएमओ डॉ. सीमा अग्रवाल ने बताया कि चारों लोगों के सैंपल लेकर जांच के लिए भेजे गए हैं। तब तक चारों को घरों पर ही 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया है।