पीलीभीत के कलीनगर क्षेत्र में वन्यजीवों के हमलों की घटनाएं थम नहीं रही है। बृहस्पतिवार को नवदिया सुखदासपुर गांव में घर के बाहर झाड़ू लगा रही सास और बहू को सियार ने हमलाकर जख्मी कर दिया। चीख-पुकार पर एकत्र हुए ग्रामीणों ने सियार को आबादी क्षेत्र से बाहर खदेड़ा। घायलों का माधोटांडा सीएचसी में उपचार कराया गया।
विज्ञापन
नवदिया सुखदासपुर गांव निवासी विजय पाल ने बताया कि बृहस्पतिवार सुबह उनकी पत्नी ओमवती घर के दरवाजे पर झाड़ू लगा रही थी। इसी दौरान खेतों की ओर से आए सियार ने ओमवती पर हमला कर दिया। ओमवती के पैर और हाथ में कई जख्म हो गए। चीखने की आवाज सुनकर बचाने पहुंची मां निर्मला देवी पर भी सियार हमलावर हो गया।
उनके हाथ को बुरी तरह से चबा लिया। सियार के हमले से चीख-पुकार मच गई। इसके बाद एकत्र हुए ग्रामीणों ने डंडे फटकारते हुए सियार को आबादी के बाहर खदेड़ दिया। परिजन घायलों को लेकर माधोटांडा सीएचसी पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने जरूरी उपचार दिया। ग्रामीणों ने बताया कि जंगल से बाहर आकर वन्यजीव आए दिन हमला कर रहे हैं।