पीलीभीत। दुष्कर्म के आरोप में फंसे असिस्टेंट प्रोफेसर कामरान आलम खान के खिलाफ विभागीय जांच के लिए तीन सदस्यीय टीम चार दिसंबर को कॉलेज आएगी। उच्च शिक्षा विभाग के निदेशक ने क्षेत्रीय उच्च शिक्षा अधिकारी डॉ. संध्या रानी की अध्यक्षता में जांच कमेटी बनाई है। इसमें राजकीय महाविद्यालय बदायूं की प्राचार्य डॉ. स्मिता जैन और वीरांगना अवंतीबाई लोधी राजकीय महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मनीषा राव को सदस्य बनाया गया है। जांच कमेटी को 30 नवंबर को आना था। लेकिन अब यह जांच कमेटी चार दिसंबर को आएगी। इस बीच निलंबन की प्रक्रिया शासन स्तर पर चल रही है। उच्च शिक्षा विभाग के विशेष सचिव श्रवण कुमार सिंह ने बताया कि कार्रवाई कराने की शासन स्तर पर प्रक्रिया चल रही है।
यह है मामला
राजकीय महिला डिग्री कॉलेज के असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ 21 जून को बीएससी की एक छात्रा ने दुष्कर्म और सेक्स रैकेट के संचालन का आरोप लगाते हुए प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट दर्ज होने के बाद पुलिस टीमों ने गिरफ्तारी के लिए कई जनपदों में दबिश दी। इसके चलते 26 नवंबर को असिस्टेंट प्रोफेसर की गिरफ्तारी हुई। अब पुलिस इस मामले में आए साक्ष्यों के आधार पर चार्जशीट दाखिल करने की तैयारी में है।