प्रौद्योगिकी एवं कौशल विकास सम्मेलन में युवाओं को संबोधित करते केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रस
पीलीभीत। रविवार को अटल बिहारी वाजपेयी नाइलिट केंद्र में एक दिवसीय प्रौद्योगिकी एवं कौशल विकास सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में पहुंचे केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने कहा कि कम्प्यूटर से एआई(आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस) तकनीक के साथ बढ़कर युवा आज बेरोजगार नहीं रह गया है।
शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर कॉलेज में इलेक्ट्रॉनिकी एवं सूचना प्रौद्योगिकी मंत्रालय की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी नॉलेज विस्तार केंद्र संचालित किया जाता है। इसमें बच्चों को कम्प्यूटर के नए तकनीकी कोर्स सहित अन्य एआई संबंधित कौशल के प्रशिक्षण दिए जाते हैं। रविवार को केंद्र द्वारा प्रौद्योगिकी एवं कौशल विकास सम्मेलन का आयोजन किया गया, इसमें मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे जिले के सांसद व केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि आज का युग उभरती तकनीकों का है और आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस , इंटरनेट ऑफ थिंग्स, साइबर सुरक्षा जैसे क्षेत्र भारत के भविष्य को दिशा दे रहे हैं।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया और आत्मनिर्भर भारत के विजन को साकार करने में कौशल विकास की भूमिका निर्णायक है। उन्होंने युवाओं को ज्यादा से ज्यादा प्रौद्यौगिक एवं कौशल से जुड़कर प्रशिक्षण लेने के साथ रोजगार पाने की अपील की। कार्यक्रम में डीएम ज्ञानेंद्र सिंह ने नाइलिट केंद्र की प्रगति की जानकारी दी। कार्यक्रम में मुख्य रूप से पीसीयू सभापति सुरेश गंगवार, भाजपा नेता गुरभाग सिंह, पूर्व विधायक किशन लाल राजपूत, पूर्व मंत्री हेमराज वर्मा, लेखराज भारती, डॉ. आस्था अग्रवाल आदि मौजूद रहे।