जिला अस्पताल में सोमवार को मरीजों की लगी भीड़। संवाद
पीलीभीत। जिले में लगातार बढ़ रहे तापमान ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। सुबह से निकल रही तेज धूप और उमस भरी गर्मी के चलते लोग बीमार पड़ रहे हैं। हालात यह हैं कि जिला अस्पताल में डिहाइड्रेशन, डायरिया, उल्टी-दस्त और पेट दर्द से पीड़ित मरीजों की भीड़ उमड़ रही है। ओपीडी में मरीजों की संख्या तेजी से बढ़ रही है। इससे जिला अस्पताल में मेडिसिन से लेकर इमरजेंसी वार्ड तक फुल हो गए।
पिछले एक सप्ताह से गर्मी चरम पर पहुंच रही है। दिन-प्रतिदिन तापमान भी बढ़ रहा है। इन दिनों में जिले में 40 डिग्री से ऊपर तक तापमान पहुंचा। दिन में चिलचिलाती धूप और लू ने लोग बेहाल हुए। इसका शरीर पर भी नकारात्मक असर पड़ने लगा। अस्पताल सूत्रों के मुताबिक, इन दिनों मौसमी बीमारियों से पीड़ित मरीजों की संख्या 200 के पार पहुंच गई है। सबसे ज्यादा मरीज उल्टी-दस्त और शरीर में पानी की कमी की शिकायत लेकर पहुंच रहे हैं। तेज धूप में काम करने वाले मजदूर, रिक्शा चालक और बाहर रहने वाले लोग अधिक प्रभावित हो रहे हैं।
जिला अस्पताल के सीएमएस डॉ. रमाकांत सागर ने बताया कि लगातार बढ़ रही गर्मी और धूप के कारण लोगों की तबीयत बिगड़ रही है। अधिक तला-भुना और खुले में रखा खाद्य पदार्थ खाने से भी मरीजों की संख्या बढ़ रही है। उन्होंने बताया कि डिहाइड्रेशन, डायरिया और पेट दर्द के मामले लगभग दोगुने हो चुके हैं। कुछ मरीजों को प्राथमिक उपचार के बाद पांच से आठ घंटे तक निगरानी में रखा जा रहा है। हालत में सुधार होने पर उन्हें डिस्चार्ज किया जा रहा है, जबकि गंभीर मरीजों को मेडिसिन वार्ड और इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कर उपचार दिया जा रहा है।
मेडिसिन वार्ड में करीब 45 बेड हाउस फुल हो गए हैं। चिकित्सकों ने लोगों को दोपहर के समय तेज धूप में बाहर निकलने से बचने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने और ताजा भोजन करने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने भी लोगों से सतर्क रहने और लक्षण दिखने पर तुरंत अस्पताल पहुंचने की अपील की है। संवाद