पीलीभीत के पूरनपुर में ससुरालवालों ने पेट्रोल डालकर विवाहिता को जिंदा जलाने की कोशिश की। पीड़िता ने घर से भागकर नाली में गिरकर आग बुझाई, तब उसकी जान बची सकी। पुलिस ने मामले में विवाहिता के पति, सास-ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।
पीलीभीत के पूरनपुर के मोहल्ला मदीना नगर निवासी नूरी बी को ससुरालवालों ने जिंदा जलाने की कोशिश की। लपटों से घिरी नूरी बी घर से भागकर नाली में गिरकर आग बुझाई, तब उसकी जान बची। घटना की सूचना पुलिस को देने के बाद उसके ससुराल वाले घर से भाग गए। पुलिस ने पीड़िता के पिता की तहरीर पर विवाहिता के पति, सास, ससुर सहित छह के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
विज्ञापन
थाना माधोटांडा के गांव न्यूरिया मल्लपुर के शमशेर खां ने दर्ज कराई प्राथमिकी में कहा है कि उन्होंने अपनी पुत्री नूरी बी की शादी वर्ष 2018 में पूरनपुर के मुझा मार्ग के मदीना नगर निवासी फिरोज खां के साथ की थी। शादी के कुछ दिन तक सब ठीक चलता रहा। करीब एक साल पहले उसकी पुत्री को परेशान किया जाने लगा। पुत्री के ससुरालियों को कई बार समझाया गया। दो महीने पहले उसकी पुत्री अपने पति के साथ मायके में आकर रहने लगी। फिरोज के बीमार होने पर उसका इलाज भी कराया गया। दो फरवरी को फिरोज अपने घर लेकर चला गया।
शमशेर खां का आरोप है कि साजिश के तहत मंगलवार को उनकी पुत्री की पिटाई कर पेट्रोल डालकर जला दिया गया। पुत्री जान बचाने को घर के बाहर भागी और उसने नाली में गिरकर आग बुझाकर अपनी जान बमुश्किल बचाई। पुत्री के ससुराली पुलिस को मोबाइल पर घटना की सूचना देकर घर से भाग गए। प्राथमिकी में पीड़िता के पति फिरोज खां, सास रिहाना, ससुर महमूद खां, देवर आदिल उर्फ मीनू, अफरोज, ननद नसरीन को नामजद किया गया है।