पूरनपुर। कम दाम में मकान की बिक्री करने से इन्कार करने पर पंकज कॉलोनी के रामप्रताप ने अपहरण कर जेसीबी से उसका घर ढहाने, खड़े पेड़ों को गिराने, ट्रैक्टर-ट्राॅली से घर का सामान भरकर ले जाने और धमकाने का आरोप लगाया। पुलिस ने अदालत के आदेश पर पंकज कॉलोनी के मनोज गुप्ता उर्फ सोना सहित तीन को नामजद कर तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
रामप्रताप ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा कि पंकज कॉलोनी में उसका पुश्तैनी मकान है। उसमें 23 साल से एक महिला किराये पर रहती थी। मनोज गुप्ता आदि उसके घर को औने-पौने दामों में खरीदना चाहते थे। मना करने पर पांच मई को मनोज गुप्ता ने अपने साथियों के साथ घर में घुसकर तमंचा के बल पर उसका अपहरण कर लिया। आरोपी कार से उसे असम हाईवे पर घुमाते रहे। इस दौरान आरोपी के साथियों ने जेसीबी मशीन से उसका घर ढहा दिया। वहां खड़े पेड़ गिरा दिए। ट्रैक्टर-ट्रॉली से घर का सामान भर ले गए। बाद में उसे घर के समीप कार से उतार कर मुंह खोलने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
पुलिस ने मनोज गुप्ता उर्फ सोना, मयंक गुप्ता, मोहल्ला रजागंज के मझले व तीन अज्ञात के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है। आरोपी मनोज गुप्ता ने आरोपों को निराधार बताया। कहा कि इससे पहले शिकायत पर तीन बार जांच हो चुकी है।
सीओ विधि भूषण मौर्य के अनुसार, न्यायालय के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज हो गई है। कोतवाली पुलिस को पूरी निष्पक्षता से विवेचना करके कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। संवाद