संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। दीपावली समेत आगामी त्योहारों पर यात्रियों की बढ़ती भीड़ को देखते हुए रोडवेज ने तैयारियां तेज कर दी हैं। त्योहार के दौरान बसों का सुचारु संचालन बनाए रखने के लिए रोडवेज के चालक और परिचालकों समेत सभी कर्मचारियों की छुट्टियां निरस्त कर दी गई हैं। इस संबंध में एआरएम की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं।
एआरएम विपुल पाराशर ने बताया कि 25 अक्तूबर से 15 नवंबर तक कर्मचारियों को अवकाश नहीं दिया जाएगा। इस अवधि में सभी चालक-परिचालकों और अन्य कर्मचारियों को ड्यूटी पर मुस्तैद रहना होगा। किसी कर्मचारी को आकस्मिक अवकाश की आवश्यकता होने पर विभागीय अधिकारियों से अनुमति लेनी अनिवार्य होगी। बिना अनुमति अवकाश पर जाने की छूट नहीं होगी। त्योहार के दौरान दिल्ली समेत अन्य प्रमुख मार्गों पर यात्रियों की संख्या बढ़ने की संभावना है। ऐसे में रोडवेज प्रशासन का प्रयास है कि बसों का संचालन प्रभावित न हो और यात्रियों को आवागमन में परेशानी का सामना न करना पड़े। इसके लिए कर्मचारियों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के साथ ही बस संचालन पर भी निगरानी रखी जाएगी। एआरएम विपुल पाराशर ने बताया कि लापरवाही करने वाले कर्मचारियों के विरुद्ध कार्रवाई की जाएगी।