पीलीभीत। हॉकी खिलाड़ी सिमरनजीत सिंह करीब सवा साल के बाद अपने घर लौट रहे हैं। उनके आने की जानकारी मिलने के बाद उनके प्रशंसकों में खुशी की लहर है। उनके स्वागत के लिए परिवार से लेकर प्रशंसकों ने उनके सम्मान के लिए किए जाने वाले समारोह की तैयारियां करनी शुरू कर दी हैं।
मझोला कस्बे के मझारा फार्म के रहने वाले इकबाल सिंह के बेटे सिमरनजीत सिंह ने टोक्यो ओलंपिक हॉकी मैच में टीम इंडिया को कांस्य पदक दिलाया था। टीम के बेहतरीन प्रदर्शन और पदक लाने के बाद जिले में नहीं बल्कि पूरे प्रदेश में जश्न मनाया गया। जीत के बाद से लगातार उनके स्वागत और सम्मान के कार्यक्रम चल रहे हैं। पिता इकबाल ने बताया कि सिमरनजीत करीब सवा साल के बाद घर आ रहे हैं। इससे पहले पिछले साल जून में घर आए थे। तब सिर्फ एक सप्ताह ही घर पर रुके थे। इसके बाद वह घर नहीं आए और सिर्फ इंडिया को ओलंपिक में जीत दिलाने के लिए रात दिन मेहनत करते रहे। मुकाम हासिल करने के बाद अब वह घर आ रहे हैं। लखनऊ में बृहस्पतिवार को सीएम योगी आदित्यनाथ द्वारा सम्मान किए जाने के बाद शुक्रवार 20 अगस्त को वह घर पहुंचेंगे। उनके आने की खुशी में परिवार में दावत का आयोजन किया गया है। सिमरनजीत को बधाई देने के लिए उनके रिश्तेदार दो दिन पहले ही घर पहुंचना शुरू हो गए हैं। उनके स्वागत के लिए परिवार की महिलाओं ने घर को दुल्हन की तरह सजाया है। उनके पसंदीदा खाने से लेकर हर चीज का इंतजाम किया गया है। यहां तक की उत्तराखंड से भी लोग बधाई देने के लिए उनसे समय मांग रहे हैं।
पिता के अनुसार वह सुबह साढ़े नौ बजे पीलीभीत शहर पहुंचेंगे। जहां शहर में एक बरात घर में व्यापार मंडल की ओर से उनका स्वागत किया जाएगा। इसके बाद सिमरनजीत का काफिला मझोला पहुंचेगा। जहां परिवार के साथ गुरुद्वारा साहिब में माथा टेकेंगे। मझोला में भी व्यापारियों ने उनके आने की खुशी में सम्मान समारोह रखा है। इसके बाद परिवार और रिश्तेदारों के साथ जीत का जश्न मनाया जाएगा। सिमरनजीत करीब एक सप्ताह से अधिक समय देंगेे। इस दौरान वह कई कार्यक्रमों में भी प्रतिभाग करेंगे।
00
23 अगस्त को एसके पब्लिक स्कूल जाएंगे सिमरनजीत
स्वागत समारोह का कार्यक्रम निपटाने के बाद बचपन की यादों को ताजा करने के लिए वह कस्बे में स्थित एसके पब्लिक स्कूल जाएंगे। जहां उन्होंने कक्षा से एक से पांच तक की शिक्षा प्राप्त की थी। स्कूल प्रबंधक जगजीत सिंह जग्गू और स्कूल प्रशासक राजेंद्र सिंह ने बताया कि सिमरनजीत पुराना छात्र है। उनके स्वागत के लिए समारोह रखा गया है। इस दौरान वह वर्तमान में पढ़ने वाले बच्चों से अपने खेल के जीवन के बारे में भी बताएंगे। बच्चों को खेल के प्रति जागरूक करेंगे।