मंगलवार की दोपहर शहर की स्टेशन रोड पर तेज धूप व गर्मी से परेशान दिखे राहगीर । संवाद
पीलीभीत। तपती गर्मी के बीच गर्म हवाओं के थपेड़ों से अभी दो दिन और परेशान होना पड़ेगा। 20 जून के बाद से मौसम में बदलाव की उम्मीद जताई जा रही है। वहीं 24 और 25 जून को बारिश के भी आसार हैं।
मंगलवार को अधिकतम तापमान 42.4 डिग्री दर्ज किया गया। सुबह छह बजे से ही धूप ने तेजी पकड़ी, नौ बजे के बाद गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया। दोपहर होने तक गर्मी के साथ तेज गर्म हवाओं ने भी जोर पकड़ लिया। दिन में करीब दो घंटे आंधी जैसे हवाएं चलती रहीं। इससे सड़कों पर आवाजाही कम हो गई।
जरूरी काम से निकलने वाले लोग गर्म हवाओं से बचने के लिए चेहरों को कपड़े से छिपाएं नजर आए। कोचिंग आदि जाने वाली छात्राएं भी गर्मी की तपिश से परेशान होकर बचाव करती दिखाईं दी। वहीं राहगीरों को राहत देने के लिए शहर के तमाम इलाकों में शीतल जल के प्लाऊ लगाए गए।
मौसम वैज्ञानिक डॉ. एसएस ढाका ने बताया कि बीस जून के बाद मौसम में बदलाव हाेने की उम्मीद है। गर्मी की तपिश कम होगी। दो दिन बादल भी छाए रहेंगे। 24, 25 जून को बारिश होने की संभावना है।