जिला अस्पताल के ईएनटी विभाग में मरीज को देखते चिकित्सक। संवाद
पीलीभीत। बढ़ते तापमान और गर्म हवा के कारण जिले में ईएनटी (नाक, कान, गला) संबंधी समस्याओं के मरीज बढ़ गए हैं। जिला अस्पताल की ओपीडी में रोजाना 60 से 70 मरीज गले में जलन, टॉन्सिलाइटिस और नाक संबंधी परेशानियों के साथ पहुंच रहे हैं। हालांकि सोमवार को ईएनटी विभाग में 200 से अधिक देखे गए।
सोमवार की सुबह नौ बजे से ही जिला अस्पताल के पर्चा केंद्र पर मरीजोें की लंबी कतार देखी गई। गर्मी में मरीजों की संख्या बढ़ने के चलते पर्चा बनवाने के लिए कतार में धक्का-मुक्की भी रही। जिला अस्पताल के ईएनटी ओपीडी कक्ष के बाहर मरीजोंं ने लंबी कतार में लगकर चिकित्सक से परामर्श लिया। सोमवार को ईएनटी विभाग में लगभग 200 मरीजों को परामर्श रहा, जिसमें तेज गर्मी में अधिक ठंडे पानी का सेवन करने से गले की नशों में सूजन, दर्द व संक्रमण (टॉन्सिलाइटिस), खराब तेल के खानपीन से गले में जलन व गर्म हवाओं के संपर्क में आने से नाक में जख्म, खून निकलना आदि के लगभग 60-70 मरीज देखे गए। कुछ मरीज कान बहने से भी पीड़ित देखे गए। चिकित्सक ने मरीजों को उचित परामर्श के साथ विशेष सलाह भी दी। संवाद
नाक पर बांधे कपड़ा, हल्के ठंडे पानी का अधिक करें सेवन
जिला अस्पताल के ईएनटी चिकित्सक डॉ. पंकज कुमार ने गर्मी में बढ़ रहे मरीजोें को सलाह देते हुए बताया कि तेज गर्मी व शुष्क हवा से नाक के अंदर की नाजुक परत सूखकर फट जाती है। इससे खून आना व जख्म होना आम बात है इसके बचाव के लिए गर्मी में बाहर निकलते समय नाक पर कॉटन का गर्म कपड़ा बांधे व गले में टॉन्सिलाइटिस की समस्या से बचने के लिए तेज गर्मी में हल्का ठंडा पानी का ही सेवन करें। बाहरी तेल से बने खाद्य पदार्थों से पूरी तरह एहतियात बरतें।