पूरनपुर। अमेरिका से वापस भेजे गए गांव अभयपुर जगतपुर के अमित कुमार से नौकरी लगवाने का झांसा देकर 20 लाख रुपये ठग लिए गए। डंकी रूट से भेजे गए अमित के परिजनों को उसके रास्ते में फंसने की जानकारी देकर दो एकड़ जमीन नाम करा ली गई। अमेरिका से लौटने पर उन्हें कई दिन तक बंधक बनाकर रखा गया। एसपी के आदेश पर सुजानपुर निवासी गुलजार सिंह, उसके पुत्र प्रदीप सिंह सहित चार के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई है। पुलिस ने गुलजार को गिरफ्तार कर चालान कर दिया है।
अमित ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि वह गांव में टेंट का काम करता था। एक साल पहले गुलजार सिंह ने अमेरिका में नौकरी लगवाने का झांसा दिया। पासपोर्ट और पांच लाख रुपये नकद उससे लिए। कुछ दिन बाद दिल्ली में फिंगर लगवाने के नाम पर पांच लाख रुपये प्रदीप और अमनदीप के खाते में डलवाए गए।
बाद में पांच लाख रुपये वीजा के नाम पर लिए गए। इसके बाद इमिग्रेशन और टिकट करवाने के नाम पर 4.70 लाख रुपये गुलजार ने लिए। गुलजार ने बताया गया कि सीधी फ्लाइट अमेरिका की है। वहां बेटे प्रदीप के लोग नौकरी के कागज देंगे। चार लाख रुपये महीने कमाने लगोगे।
अमित ने बताया कि आरोपियों ने दिल्ली से उसे इटली और वहां से स्पेन के मैड्रिड ले जाया गया। यहां प्रदीप के भेजे एक व्यक्ति ने यूएसए कहकर एक फ्लाइट में बैठा दिया। इस फ्लाइट ने भी उसे अमेरिका ने ले जाकर एल साल्वाडोर में उतार दिया। यहां गुलजार और प्रदीप ने उसे कॉल पर बताया कि उसके लोग उसे टैक्सी से आगे ले जाएगे। विरोध करने और सीधे न्यूयार्क जाने की बात कहने पर आरोपियों ने उसकी पिटाई की। मोबाइल फोन छीनने के साथ ही भूखा रखा गया।
मैक्सिको से अमेरिका में घुसते ही पुलिस ने उसे पकड़ लिया। 18 दिसंबर को उसे भारत भेज दिया गया। देश लौटने पर प्रदीप ने पुलिस का डर दिखाकर उसे अपने साले गांव पिपरिया करम निवासी धर्मजीत सिंह और ससुर गढ़ा पचपेड़ा निवासी बलविंदर सिंह के घर भेज दिया। यहां भी उसे बंधक बनाकर रखा गया।
-
फर्जी टिकट व वीजा देकर 25.19 लाख ठगे
पुलिस ने दो सगे भाइयों सहित तीन के खिलाफ दर्ज की रिपोर्ट
संवाद न्यूज एजेंसी
पूरनपुर। आस्ट्रेलिया भिजवाने का झांसा देकर लखीमपुर के थाना गोला के बक्शीपुर मजरा हीमनगर निवासी गुरनाम सिंह से 25.19 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। फर्जी वीजा और टिकट उनके मोबाइल फोन पर भेज दिया गया। पुलिस ने गुरनाम सिंह की ओर से गांव खैरपुर निवासी सिमरनजीत सिंह, उसके भाई विक्रमजीत सिंह और एक अन्य के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।
गोला के गुरनाम सिंह ने दर्ज कराई रिपोर्ट में कहा है कि उसकी पुत्री अमरजोत कौर के साथ पलिया स्कूल में गांव खैरपुर का विक्रमजीत सिंह पढ़ता था। विक्रमजीत सिंह ने बताया कि भाई सिमरजीत सिंह लोगों को विदेश भेजता है। पुत्री ने आस्ट्रेलिया में पढ़ाई की इच्छा जाहिर की। इस पर वर्ष 2019 में उसने सिमरजीत सिंह से संपर्क किया।
सिमरनजीत सिंह ने 16 लाख रुपये खर्च होने की जानकारी दी। कागजात और दो लाख रुपये अपने खाते में ट्रांसफर करा लिए। फाइल बनवाने के नाम पर 23.19 लाख रुपये अपने और भाई विक्रमजीत सिंह व अमरित के खाते में ट्रांसफर कराए। फोन पर उसे वीजा और टिकट भेज दिया गया। जब उसने बात की तो आरोपियों ने उसे टिकट कैंसिल होने की जानकारी दी। रुपये वापस करने पर टालमटोल करने लगे।
ठगी के दो आरोपी हिरासत में, एसओजी ने फिर डाला डेरा
पूरनपुर। विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले में गांव रूदपुर के दो लोगों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। एसओजी ने कोतवाली आरोपियों से पूछताछ की। एसआईटी टीम के सदस्य भी कोतवाली पहुंचे। जिले में फर्जी अभिलेखों, वीजा और विदेश भेजने के नाम पर ठगी के मामले सामने आने पर अब तक 125 से ज्यादा मुकदमे दर्ज किए जा चुके हैं। संवाद