पीलीभीत। बीसलपुर के एक और ग्राम पंचायत अधिकारी भ्रष्टाचार के मामले में फंस गए हैं। जांच के बाद डीपीआरओ ने उन्हें निलंबित करने की संस्तुति की है। कुछ दिन पहले ग्राम पंचायत अधिकारी हरीश भारती का मामला सामने आया था। वह निजी कर्मचारी रखकर ऑफिस का काम करा रहे थे।
पैसे के लेन-देन का वीडियो वायरल होने के बाद मामले की जांच हुई जिसके बाद उन्हें निलंबित कर दिया गया। अब बीसलपुर के एक और ग्राम पंचायत अधिकारी राकेश शर्मा को भ्रष्टाचार के मामले में निलंबित किए जाने की संस्तुति की गई है। राकेश शर्मा के रिश्वत मांगने के कुछ वीडियो विभाग के पास पहुंचे थे। कुछ शिकायतें भी थीं।
डीपीआरओ सुबोध जोशी ने मामले की जांच की। इसमें मामला सही पाया गया। उन्होंने रिपोर्ट सीडीओ को भेज दी है। इसमें राकेश शर्मा को निलंबन की संस्तुति की गई है।