शासन ने 7.25 करोड़ रुपये के दो प्रोजेक्ट मंजूर किए
50 किमी लंबाई तक चौड़ा किया जाएगा सदानीरा का पाट
गोमती नदी के उद्गम स्थल गोमत ताल पर अब श्रद्धालुओं को शुद्ध और भरपूर जल मिल सकेगा। नदी को जिले की 50 किमी सीमा में चौड़ा किया जाएगा। सिंचाई मंत्री शिवपाल सिंह यादव के दौरे के बाद अलग-अलग भेजे गए दो प्रोजेक्ट को शासन की मंजूरी मिल गई है। दोनों के लिए 7.25 करोड़ रुपये का बजट भी आवंटित कर दिया गया है।
सवा दो करोड़ रुपये के पहले प्रोजेक्ट के तहत माधोटांडा रजवाहा पर एक गेट लगवाया जाएगा जहां से उद्गम स्थल तक नहर की खुदाई होगी। पानी सही ढंग से उद्गम स्थल पर पहुंचे, इसके लिए बीच में दो फाल बनाए जाएंगे। शारदा सागर के अवर अभियंता वीरेंद्र सिंह और रामेश्वर दुबे ने बताया कि गोमती झील की भी चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। हर समय श्रद्धालुओं को स्वच्छ जल मिल सके, इसके लिए 25 क्यूसेक पानी उद्गम स्थल पर उपलब्ध रहेगा।
दूसरा प्रोजेक्ट पांच करोड़ लागत का है। इससे उद्गम स्थल के आगे जनपद की 50 किमी सीमा में खुदाई करके नहर की चौड़ाई बढ़ाई जाएगी। गोमती नदी के क्षेत्र में बड़े पैमाने पर अतिक्रमण कर खेती की जा रही है। ऐसे पौने दो सौ अतिक्रमणकारियों की सूची बनाई गई है। वह भूमि गोमती की है या किसानों की, इसका पुराने अभिलेखों से मिलान कराया जा रहा है। इससे गोमती उद्गम स्थल पर वर्ष में दो बार लगने वाले विशाल मेले में अब पानी की कमी नहीं होगी। सिंचाई विभाग ने जल्द काम शुरू कराने के लिए टेंडर प्रक्रिया भी शुरू कर दी है।