पीलीभीत। नौकरी का झांसा देकर दो युवकों ने गेस्ट हाउस बुलाकर तमंचे के बल पर छात्रा के साथ दुष्कर्म किया। पुलिस ने छात्रा की तहरीर पर बरखेड़ा थाना क्षेत्र के गांव पतरासा कुंवरपुर निवासी युवकों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जहानाबाद थाना क्षेत्र की एक छात्रा ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि 14 अक्तूबर को राजू राना और रवि वर्मा निवासी ग्राम पतरासा, कुंवरपुर थाना बरखेड़ा ने शहर में नौगवा चौराहा स्थित एक गेस्ट हाउस में नौकरी देने के नाम पर बुलाया था। आरोप है कि गेस्ट हाउस पहुंचने पर दोनों ने दुष्कर्म किया। इसके बाद आए दिन फोन कर बुलाते थे। तंग आकर घटना की जानकारी परिवार वालों को दी। इसके बाद परिवार के साथ थाने पहुंचकर तहरीर दी है। जहानाबाद पुलिस ने शनिवार की शाम नामजद आरोपी राजू राना और रवि वर्मा के खिलाफ धारा 420,376, 342,506 के तहत रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इंस्पेक्टर केके वर्मा ने बताया कि घटना 14 अक्तूबर की है। पहले छात्रा ने किसी को कुछ बताया नहीं था, मगर आरोपी छात्रा को बार-बार फोन पर परेशान कर रहे थे। इससे उसने अपने परिवार वालों को घटना के बारे में बताया। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की ली गई है। आरोपियों की गिरफ्तारी जल्द ही की जाएगी। युवती आईटीआई की छात्रा है।