पीलीभीत। एक युवती ने तीन लोगों पर पीआरडी में नौकरी लगवाने का झांसा देकर सामूहिक दुष्कर्म का आरोप लगाते हुए कोर्ट के आदेश पर रिपोर्ट दर्ज कराई है। दर्ज रिपोर्ट में घटना 08 अगस्त 2021 के बताई गई है। जहानाबाद थाना क्षेत्र के एक गांव की युवती ने कोर्ट को दी गई अर्जी में कहा कि बरखेड़ा के गांव सिसैइया निवासी शमशेर ने उसे पीआरडी में नौकरी लगवाने का झांसा दिया था। वह उसकी बातों में आ गई।
आवेदन भी करवा दिया। इसके बाद शमशेर ने उसे दो लोगों से मिलवाया। जिसमें एक व्यक्ति का नाम रामराज दुबे तथा दूसरे का नाम शैलेश वर्मा बताया गया। यह भी कहा गया कि रामराज दुबे लखनऊ में पीआरडी के चेयरमैन है। उनको 60 हजार रुपये देने होंगे, इसके बाद नौकरी लगेगी। तीसरे आरोपी शैलेश वर्मा ने भी रुपये देने के बाद नौकरी लगने की बात कही थी।
इसके बाद आठ अगस्त 2021 को इन तीनों आरोपियों ने नौगवां चौराहा स्थित एक होटल में रुपये लेकर बुलाया था। वहां रुपये लेने के बाद तीनों कमरे का गेट बंदकर दुष्कर्म किया। किसी को बताने पर नौकरी नहीं लगवाने की धमकी दी। आरोपियों ने एक वर्दी और प्रमाण पत्र दिया था, जो फर्जी निकला। रुपये भी वापस नहीं किए। पुलिस से शिकायत की गई, मगर सुनवाई नहीं हुई। अब कोर्ट के आदेश पर पुलिस ने धोखाधड़ी, दुष्कर्म समेत कई धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। सीओ सुनील दत्त ने बताया की मामला दर्ज कर जांच कराई जा रही है।