पूरनपुर। खाद्य सुरक्षा की टीम ने नगर और क्षेत्र में मिठाई, किराना की दुकानों पर छापा मारकर नमूने लिए। घाटमपुर में एक मिठाई की दुकान पर बासी मिठाई मिलने पर उसे नष्ट कराया। साफ-सफाई और खुले में मिठाई रखी मिलने पर व्यापारियों को नोटिस दिए।
अभिहित अधिकारी शशांक त्रिपाठी के नेतृत्व में टीम ने नगर के माधोटांडा रेलवे क्रॉसिंग के समीप स्थित अरबन पंजाबी स्वीट्स की दुकान से खोया का नमूना लिया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि साफ-सफाई न मिलने, खुले में मिठाइयां रखी मिलने पर नोटिस जारी किया गया। घुंघचाई रोड स्थित दिल पंजाबी स्वीट्स के गांव खांडेपुर स्थित कारखाना छेना का नमूना लिया गया। खुले में मिठाइयां रखी मिलने पर व्यापारी को नोटिस जारी किया गया। माधोटांडा क्रॉसिंग के समीप नीलकमल स्वीट्स की दुकान से गुलाब जामुन का सैंपल लिया गया। स्टेशन रोड स्थित राजकुमार किराना स्टोर से मंसूर की दाल का सैंपल लिया गया। गांव घाटमपुर स्थित बरकाती स्वीट्स की दुकान में बासी मिठाई मिलने पर पांच किलोग्राम लड्डू और पांच किलोग्राम सोनबपपड़ी नष्ट कराई गई। दुकान में गंदगी मिलने पर नोटिस जारी किया गया। नगर के शिवम किराना स्टोर की दुकान से उर्द की दाल का नमूना लिया गया। अभिहित अधिकारी ने बताया कि लिए गए सैंपल जांच को प्रयोगशाला भेजे जाएंगे। रिपोर्ट आने पर अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।