पूरनपुर। पीलीभीत से दवाई लेकर लौट रहे वाराणसी के एक व्यक्ति को चाय में नशा देकर उससे पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया गया। रेलवे स्टेशन के समीप बेहोशी की हालत में मिले व्यक्ति को सीएचसी में भर्ती कराया गया। होश आने पर वह वाराणसी रवाना हो गया।
वाराणसी के बड़ा गांव निवासी मनोज कुमार (45) को बृहस्पतिवार रात साढ़े नौ बजे रेलवे स्टेशन के समीप बेहाशी की हालत में पड़े होने की सूचना पर एंबुलेंस से उसे सीएचसी लाया गया। इलाज के दौरान शुक्रवार को सुबह होश आने पर उसने बताया कि पीलीभीत शहर में अपनी और अपने पिता की एक आयुर्वेदिक चिकित्सक से दवाई लेकर रोडवेज बस में बैठा था। पूरनपुर रेलवे स्टेशन के समीप बस से उतरने पर उसने एक युवक ने वाराणसी को ट्रेन से जाने की जानकारी ली। युवक ने उसे ट्रेन पकड़वा देने को कहा। इस दौरान युवक ने उससे दोस्ती कर उसी से 10 रुपये लेकर चाय लाकर दी। चाय पीने के बाद उसे होश नहीं रहा। उसने बताया कि चाय में नशा देकर युवक ने उसकी पैंट की एक जेब में पड़े पांच हजार रुपये और मोबाइल लूट लिया। उसकी दूसरी जेब में रखे 16 सौ रुपये बच गए। होश आने के बाद मनोज बस से वाराणसी के लिए चला गया।