पीलीभीत/पूरनपुर। एसपी दिनेश कुमार पी. ने दो चौकी इंचार्ज समेत पांच दरोगा को लाइन हाजिर किया है। गोवध की घटनाएं न रुकना कार्रवाई का कारण बताया जा रहा है मगर भेजे गए आदेश पर इसका उल्लेख नहीं है।
सर्किल के कुछ गांवों में तमाम प्रयास के बाद भी गोवंश की हत्या की घटनाएं नहीं रुक पा रही है। इसमें सबसे अधिक गोहत्या की घटनाएं शेरपुरकलां में हो रही है। आरोपी नेपाल से गोवंश को हरीपुर जंगल के रास्ते से शेरपुर और आसपास गांवों में ला रहे हैं। नेपाल से गोवंश लाकर हत्या करने का हवाला पुलिस ने पिछली कई दर्ज रिपोर्टों में भी किया।
चंदिया हजारा चौकी इंचार्ज राकेश कुमार, हरीपुर चौकी इंचार्ज संजय कुमार और शेरपुर हल्का इंचार्ज योगेंद्र कुमार पर लाइन हाजिर की कार्रवाई को इन्हीं मामलों से जोड़कर देखा जा रहा है। सीओ वीरेंद्र विक्रम ने बताया कि चौकी इंचार्ज चंदिया हजारा, हरीपुर और दरोगा योगेंद्र कुमार को लाइन हाजिर किया गया है मगर कारण का उल्लेख आदेश में नहीं है।
लाइन हाजिर होना सजा नहीं, पुलिस विभाग में एक प्रक्रिया है। एसपी ने बताया कि थाना न्यूरिया के उप निरीक्षक अजीत कुमार और क्राइम ब्रांच के उप निरीक्षक मानचंद्र को भी लाइन हाजिर किया गया है। इन पर कार्यों में लापरवाही बरतने पर कार्रवाई की बात कही जा रही है।