पीलीभीत। शहर के खकरा मोहल्ले में स्थित एक गोदाम में बृहस्पतिवार की रात पटाखे की चिंगारी से आग लग गई। जिससे गोदाम में रखा करीब एक करोड़ रुपये का सामान जलकर राख हो गया। सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की चार गाड़ियों ने तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
दीपावली के चलते बृहस्पतिवार की रात लोग त्योहार के उल्लास में डूबे थे। शहर में हर तरफ पटाखे दागे जा रहे थे। देर रात पटाखे की चिंगारी शहर के तिरुपति गोल्डन पार्क निवासी हर्षित अग्निहोत्री के मोहल्ला खकरा स्थित गोदाम पर गिरी। इसके बाद आग धधक उठी।
गोदाम मे डियोड्रेट, सिगरेट, चिप्स समेत अन्य परचून का सामान रखा था। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। पड़ोसियों की सूचना पर गोदाम मालिक पहुंचे। इसके बाद फायर ब्रिगेड की दो गाड़ियां पहुंचीं, लेकिन आग पर काबू न होने से बीसलपुर और अमरिया क्षेत्र से दो और गाड़ियों को बुलाया गया।
करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गनीमत रही कि आग ने अन्य घरों को चपेट में नहीं लिया। गोदाम स्वामी हर्षित ने बताया कि आईटीसी कंपनी का गोदाम है। इनके जितने भी उत्पाद होते हैं, वह सब गोदाम में थे। इसमें आटा और अन्य खाद्य पदार्थ भी थे।
बृहस्पतिवार को ही तीन गाड़ियों से सामान आया था। जिसे गोदाम में उतारा गया था। हर्षित के अनुसार करीब एक करोड़ के नुकसान का अनुमान है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अनुराग सिंह ने बताया कि आग से नुकसान का अनुमान अभी नहीं लग सका है।
भयावह थी आग, लोहे का जाल पिघला, लिंटर भी हुआ क्षतिग्रस्त
आग लगने के बाद का मंजर भयावह था। अंदर रखे सामान के अलावा गोदाम में लगे लोहे के जाल पिघल गए। लिंटर भी क्षतिग्रस्त हो गया। वहीं सुरक्षा के लिहाज से गोदाम के आसपास बने घरों से एलपीजी सिलिंडरों तो गोदाम के बाहर खड़े दो लोडर वाहनों को धक्का देकर हटवाया गया। इलाके की बिजली आपूर्ति बंद करा दी गई। सुरक्षा के लिहाज से कुछ देर के लिए मार्ग परिवर्तित कर वाहनों को निकाला गया।
फोटो: 6
पटाखे की चिंगारी से रुई की मशीन में लगी आग
बीसलपुर। मोहल्ला दुबे निवासी गोपाल भोजवाल ने शुक्रवार को कोतवाली में दी गई तहरीर में बताया कि स्टेशन मार्ग पर कृषि कार्यालय के गेट पर उनकी रुई की मशीन लगी थी। बृहस्पतिवार देर रात पड़ोस में रहने वाले एक खाद विक्रेता और उनके परिजनों की ओर से दीपावली पर छोड़ी गई आतिशबाजी की चिंगारी से उनकी मशीन में आग लग गई। आग से मशीन, तैयार गद्दे और रजाइयां जल गईं। आग से उनका काफी नुकसान हुआ है। तहरीर में आरोपी को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज कराने की मांग की गई है। संवाद
पीलीभीत शहर के मोहल्ला खकरा में गोदाम में लगी आग को बुझाती दमकल की गाड़ी। स्रोत- टीम
पीलीभीत शहर के मोहल्ला खकरा में गोदाम में लगी आग को बुझाती दमकल की गाड़ी। स्रोत- टीम