पीलीभीत। थाना अमरिया क्षेत्र में खेत पर कब्जे के विवाद को लेकर एक किसान से मारपीट और जान से मारने की धमकी देने का मामला सामने आया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने सात लोगाें के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है।
अमरिया क्षेत्र के ग्राम करगैना पीरा निवासी माखनलाल पुत्र चुन्नीलाल ने थाना अमरिया में रिपोर्ट दर्ज कराई है। इसमें कहा गया है कि उनकी करीब तीन बीघा जमीन ग्राम पौटा में है, जिस पर गन्ने की फसल खड़ी है। आरोप है कि गांव के अशोक कुमार, तुलसी, हरप्रसाद, लालता प्रसाद, विजय और अजय उसकी जमीन पर कब्जा करने की नियत से खेत में कूड़ा डालते रहते हैं। कई बार मना करने के बावजूद आरोपी अपनी हरकतों से बाज नहीं आए।
आरोप है कि चार अक्टूबर की अपराह्न करीब दो बजे जब वह अमरिया से घर लौट रहे थे तभी आरोपियों ने उन्हें रास्ते में पुलिया पर रोक लिया। सभी ने गाली-गलौज करते हुए उनके साथ मारपीट की और गन्ने की फसल में आग लगाने की धमकी दी। शोर मचने पर आसपास के लोग एकत्र हो गए तो आरोपी जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से भाग गए। सूचना पर पहुंची अमरिया पुलिस ने घायल का मेडिकल परीक्षण कराया है। थाना अध्यक्ष अमित सिंह का कहना है कि मामले की विवेचना शुरू कर दी गई है।