दो जिला प्रबंधकों को भी नोटिस
25 दिन बाद भी कई क्रय केंद्रों पर शुरू नहीं हुई गेहूं खरीद
सरकारी गेहूं खरीद में 25 दिन बाद भी कई क्रय केंद्रों पर खरीद शुरू नहीं हुई है। इस पर एडीएम ने सात केंद्र प्रभारियों को निलंबित करने एवं दो जिला प्रबंधकों को नोटिस जारी करने के आदेश दिए हैं।
जिले को इस बार सरकारी गेहूं खरीद के लिए 2.13 लाख मीट्रिक टन का लक्ष्य मिला है, लेकिन बीज के नाम पर खरीद के चलते जहां सरकारी खरीद धीमी है वहीं सरकारी मशीनरी भी सुस्ती बरत रही है। जिले में चल रही गेहूं खरीद की समीक्षा को एडीएम ने जिला प्रबंधकों के साथ बैठक की। इसमें जिले के सात क्रय केंद्रों पर अब तक गेहूं खरीद शून्य पाई गई। खरीद शुरू होने के बाद 25 दिन बाद भी गेहूं न खरीदने पर एडीएम ने नाराजगी जताई और शून्य गेहूं खरीद वाले सातों क्रय केंद्र प्रभारियों- यूपीएसएस के अमखेड़ा प्रभारी अखिलेश चंद्र दुबे, लुकटिहाई के रामचंद्र, पीसीएफ सेमरखेड़ा सिरसा के विजय सिंह, निजामडंडी के सलीम अहमद, सरैंदापट्टी के राजकुमार, कैचूटांडा के बचईलाल और माधोटांडा के आरडी तिवारी को निलंबित करने के निर्देश दिए। साथ ही दोनों संस्थाओं के जिला प्रबंधकों क्रमश: यूपीएसएस के अर्जुन यादव व पीएसीएफ के शैलेंद्र शुक्ला को नोटिस जारी किया है। डिप्टी आरएमओ ने बताया कि एडीएम के निर्देश संबंधित अधिकारियों को लिखा जा रहा है।
लक्ष्य की मात्र नौ प्रतिशत खरीद
जिले में गेहूं खरीद का सरकारी लक्ष्य 2.13 लाख मीट्रिक है, लेकिन अब तक मात्र 18 हजार क्विंटल खरीद ही हुई है जो कुल खरीद का मात्र 8.49 प्रतिशत है।