पीलीभीत। असम हाईवे से टनकपुर हाईवे को जोड़ने वाले रामलीला मार्ग का निर्माण कार्य रुका हुआ है। कई महीने से सड़क पर पड़े पत्थर राहगीरों को दर्द दे रहे हैं। उड़ती धूल दुकानदारों और राहगीरों को परेशान कर रही है। रोजाना इस मार्ग से दिनभर में पांच हजार से अधिक वाहन गुजरते हैं। ट्रांसपोर्टनगर-कांशीराम कॉलोनी जाने वाली सड़क भी खुदी पड़ी है। नगर पंचायत के जिम्मेदार अधिकारी इसका कारण धनाभाव बता रहे हैं।
उपाधि डिग्री कॉलेज चौराहे से रेलवे क्रॉसिंग और रामलीला मैदान के पास से गुजरी सड़क पीलीभीत-टनकपुर मार्ग को असम हाईवे से जोड़ती है। लोग इस मार्ग को शार्टकट के रूप में प्रयोग करते हैं। लंबे समय से क्षतिग्रस्त रामलीला मार्ग के करीब आठ सौ मीटर हिस्से का निर्माण नगर पंचायत पकड़िया नौगवां ने फरवरी में शुरू कराया था। इस सीसी मार्ग का निर्माण करीब 1.50 करोड़ रुपये से कराया जा रहा है। काम कराने वाले ठेकेदार ने सड़क उखाड़कर पत्थर डाल दिए और फिर काम रुक गया। अब सड़क पर पड़े पत्थर राहगीरों को दर्द दे रहे हैं। सड़क किनारे के दुकानदार धूल-मिट्टी से परेशान हैं। नगर पंचायत के जिम्मेदार धनराशि न आने की वजह से काम रुका होने की बात कह रहे हैं।
ट्रांसपोर्टनगर-कांशीराम कॉलोनी मार्ग भी अधूरा
नगर पंचायत की ओर से बनवाए जा रहे ट्रांसपोर्टनगर-कांशीराम कॉलोनी मार्ग का निर्माण भी अधूरा है। इस सड़क पर भी कई स्थानों पर पत्थर ही पड़े हैं। काम रुका होने से लोगों को आवागमन में दिक्कत हो रही है। सड़क पर पड़े पत्थरों पर स्कूटी आदि फिसलने से लोग चोटिल भी हो रहे हैं।
मार्ग निर्माण में लगभग दो माह बीत चुके है। मगर अब तक काम पूरा नहीं हो सका है। दुकान आने के लिए मार्ग पर समस्याओं का सामना करना पड़ता है। - दयाशंकर, चाय विक्रेता रामलीला मार्ग
आए दिन लोग निर्माणाधीन मार्ग पर गिरकर चोटिल हो जाते है। लंबे समय से मार्ग बन रहा है, लेकिन बीच-बीच में काम रुक जाता है। लोगों को आवाजाही में दिक्कत होती है। - महेंद्र प्रताप सिंह, बारदाना व्यापारी, रामलीला मार्ग
गन्ना सत्र के दौरान मार्ग निर्माण का कार्य शुरू कराया गया, लेकिन गन्ना सत्र खत्म हुए भी पन्द्रह दिन से ज्यादा बीत चुके हैं। कोई भी प्रगति नहीं हुई है। - अभिषेक मिश्रा, फीजियोथेरिपिस्ट, रामलीला मार्ग
सड़क किस योजना के अंतर्गत कितनी लागत से बन रही है, इसकी जानकारी अभी नहीं है। अभिलेख देखने के बाद ही कोई जानकारी दी जा सकेगी। धनराशि न आने से काम रुका है। अभी सिर्फ 25 फीसदी कार्य हही पूरा हो पाया है। जल्द ही काम शुरू कराने का प्रयास किया जा रहा है। - एजाज अहमद, ईओ, नगर पंचायत, नौगवां पकड़िया
रामलीला मार्ग पर पड़े पत्थर और किनारे पर लगा पत्थरों का ढेर संवाद
रामलीला मार्ग पर पड़े पत्थर और किनारे पर लगा पत्थरों का ढेर संवाद
रामलीला मार्ग पर पड़े पत्थर और किनारे पर लगा पत्थरों का ढेर संवाद
रामलीला मार्ग पर पड़े पत्थर और किनारे पर लगा पत्थरों का ढेर संवाद