ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंकते लोग।
- फोटो : PILIBHIT
पूरनपुर। खराब बिजली सप्लाई के विरोध में सपा कार्यकर्ताओं और युवा व्यापारियों ने अधिशासी अभियंता कार्यालय के बाहर धरना देकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंका। साथ ही शीघ्र स्थिति में सुधार न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
युवा प्रांतीय व्यापारी नेता विजयपाल विक्की के नेतृत्व में अधिशासी अभियंता कार्यालय पहुंचे। यहां अफसरों के न मिलने पर सपा कार्यकर्ताओं और व्यापारियों ने खराब बिजली सप्लाई, अफसरों के मोबाइल रिसीव न करने आदि को लेकर धरना देकर प्रदर्शन किया। करीब एक घंटा धरना के बाद प्रदर्शनकारियों ने ऊर्जा मंत्री का पुतला फूंका। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि पिछले कई दिनों से अघोषित विद्युत कटौती की जा रही है। बिजली सप्लाई आने-जाने का कोई समय निर्धारित नहीं रह गया है। बिजली कनेक्शन कराने को लोग भटक रहे है। बढ़कर आए बिजली के बिलों में संशोधन न होने से उपभोक्ता बिलों को सही कराने को भटकते रहते है। अब इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर उग्र आंदोलन होगा। प्रदर्शन करने वालों में शिफतुल हसन, नीतिश यादव, आशू, रेहान, आफताब, छोटे बाबू, कुलदीप सिंह, हनीफ आदि थे।
पिछले दो दिनों से रात को बिजली कटौती नहीं हो रही है। आपात बिजली सप्लाई कटौती के बाद देहात में 16 घंटे और नगर में 20 घंटे बिजली सप्लाई दी जा रही है। बुधवार को एसडीएओ और वे मीटिंग को लेकर शाहजहांपुर आए हुए है।
- अरविंद कुमार, अधिशासी अभियंता।