पूरनपुर। नगर पालिका सोमवार से अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू करेगी। होली से चार दिन तक स्टेशन रोड पर भारी वाहनों के आवागमन पर पाबंदी रहेगी। यह निर्णय व्यापारियों के साथ हुई बैठक में नगर पालिका की ओर से लिया गया। तहसील सभागार में एसडीएम ऋषिकांत राजवंशी की मौजूदगी में व्यापारियों के साथ बैठक हुई।
कई व्यापारियों को सूचना देकर बुलाया गया था मगर नाममात्र के व्यापारी ही पहुंचे। बैठक के बाद ईओ आरके भार्गव ने बताया कि रविवार को नगर में अतिक्रमण को लेकर अनाउंसमेंट कराया जाएगा। नाली के बाहर सामान रखकर किए गए अतिक्रमण को अतिक्रमणकारी स्वयं हटा लें। सोमवार से नगर के शेरपुर रोड पर अतिक्रमण हटाओ अभियान शुरू होगा।
इसमें डिवाइडर के दोनों किनारों पर अतिक्रमण कर फड़, ठेला लगाने वालों को हटाया जाएगा। बैंक शाखाओं के प्रबंधकों को नोटिस भेजकर शाखाओं के बाहर खड़े होने वाले वाहनों को सही तरीके से खड़ा कराने को कहा जाएगा। होली पर चार दिन तक नगर में भारी वाहनों का प्रवेश नहीं होने दिया जाएगा। बैठक में सीओ वीरेंद्र विक्रम सिंह, तहसीलदार अशोक गुप्ता, व्यापारी नेता हाजी लाडले, अजमेर सिंह छीना, सुर्पोदी जोशी आदि थे।